सिंगर अंकित बालियान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई सामने, कुल 9 गोली लगी- 5 शरीर में ही फंसी
शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसमें नौ गोलियां लगीं। लारेंस गैंग से ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
अंकित बालियान को नौ गोलियां लगीं, जिम से निकलते ही हत्या
लारेंस गैंग से जुड़े गोगी ग्रुप ने इंस्टाग्राम पर ली जिम्मेदारी
सिंगर भूपेंद्र ढींगरा ने भी वीडियो जारी कर हत्या का दावा किया
जागरण संवाददाता, शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की बुधवार शाम नाला पटरी मार्ग पर जिम से बाहर निकलते ही बदमाशों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। कुछ घंटे बाद ही रात में इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लारेंस गैंग से जुड़े गोगी ग्रुप के भोलू शाहपुरिया ने हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।
इसके अलावा गुरुवार को दिन में हरियाणवी सिंगर भूपेंद्र ढींगरा ने खुद का वीडियो प्रसारित कर दावा किया कि अंकित की उसने हत्या कराई है। चूंकि अंकित ने उसको गाली दी थी। हालांकि अंकित के पिता ने कहा कि उनके पुत्र की ऐसी किसी बड़े गैंग से कोई दुश्मनी नहीं थी। इसमें किसी हरियाणवी सिंगर का हाथ हो सकता है।
उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार अंकित को नौ गोली लगी थी। पांच शरीर में फंसी रहीं, जबकि चार बाहर निकल गई थी। गुरुवार दोपहर पुलिस मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
देर शाम तक जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों का आना-जाना अंकित के घर लगा रहा। हत्याकांड को अंजाम देने वाले दो शूटरों का फोटो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है।
सदर कोतवाली क्षेत्र में जिम से लौटते समय बदमाशों ने की थी 20 राउंड फायरिंग
बुधवार शाम पौने सात बजे चार शूटरों ने कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी में मसल्स श्री बालाजी जिम से बाहर निकलते ही अंकित बालियान की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड से नाराज स्वजन और अन्य ने रात 11:46 तक वर्मा मार्केट चौराहे पर शव रखकर जाम लगाए रखा था। बाद में एसपी ने चार दिन में हत्याकांड का राजफाश करने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद स्वजन ने जाम खोल दिया। गुरुवार तड़के ढाई बजे से आठ बजे तक दो चिकित्सकों के पैनल में शव का पोस्टमार्टम हुआ।
शरीर में फंस गई थीं पांच गोलियां
सूत्रों के अनुसार अंकित के शरीर में नौ गोली लगी थी। पांच शरीर में फंस गई थीं, जबकि सिर, हाथ और दोनों कंधों में लगी चार गोली आरपार हो गई थी। दोपहर डेढ़ बजे पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार हुआ। बड़े भाई राजीव ने मुख्य अग्नि दी थी। बुधवार रात ही अंकित बालियान के पिता सत्यवीर फौजी की तहरीर पर पुलिस ने चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।
यह भी पढ़ें- 'कान खोलकर सुन ले, मैं वेस्ट यूपी से हूं और सोनीपत में रहता हूं...' हत्या के बाद सिंगर अंकित बालियान के वीडियो वायरल
यह भी पढ़ें- अंकित बालियान हत्याकांड: लारेंस बिश्नोई से जुड़े छह ग्रुपों पर पुलिस की नजर, 200 गुर्गों का कनेक्शन खंगाल रही STF
हत्याकांड में किसी सिंगर का हाथ होने का पिता का आरोप
इस घटना से जुड़ा एक पोस्ट इंस्टाग्राम पर बुधवार रात दो बजे प्रसारित किया गया। पोस्ट प्रसारित करने वाले ने खुद को गोगी ग्रुप का भोलू शाहपुरिया सोनीपत बताया। पोस्ट में लिखा कि अंकित विरोधियों का साथ देता था और गोगी भाई के साथ हुई घटना पर उसने गाना बनाया था। इसके अलावा वह विरोधियों का आपराधिक कामों में भी सहयोग करता था, जिसके चलते उसे अंजाम तक पहुंचाया गया है।
विरोधियों का साथ देने वालों का यही हाल होगा और वेट एंड वाच की बात कही गई है। यह पोस्ट जिस आइडी से प्रसारित हुई वह गुरुवार सुबह छह बजे के बाद बंद हो गई।
पिता बोले, उसका बड़ा झगड़ा नहीं था, भटका रहे
हालांकि गुरुवार सुबह नौ बजे इंस्टाग्राम पर खुद को हरियाणवी सिंगर भूपेंद्र ढींगरा बताने वाले युवक ने एक वीडियो प्रसारित किया। दावा किया कि अंकित बालियान ने उसको गाली दी थी, इसलिए उसकी हत्या कराई है। उसका वीडियो भी तेजी से प्रसारित हो रहा है। पोस्ट और वीडियो को पुलिस ने जांच में शामिल किया है, और आरोपितों की तलाश जारी है। गोगी ग्रुप हरियाणा के जितेंद्र गोगी बदमाश का है, जिसकी हत्या दिल्ली के रोहिणी में हुई थी। इसके बाद उससे जुड़े लोग लारेंस बिश्नोई गिरोह के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं।
वहीं, हत्याकांड में शामिल रहे दो युवकों का फोटो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया गया। पुलिस उन युवकों की भी तलाश कर रही है। परिवार से मिलने के लिए जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और हरियाणा से बड़ी संख्या में युवा पहुंचे।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि राजफाश के लिए आठ टीमों को लगाया गया है। आसपास के जिलों की पुलिस का भी सहयोग लिया जा रहा है। जल्द ही हमलावर गिरफ्त में होंगे।
