विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कान खोलकर सुन ले, मैं वेस्ट यूपी से हूं और सोनीपत में रहता हूं...' हत्या के बाद सिंगर अंकित बालियान के वीडियो वायरल 

By Abhishek Kaushik Edited By: Praveen Vashishtha
Updated: Fri, 28 Aug 2026 06:45 AM (IST)

Shamli News: सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड के बाद उनके कुछ चुनौती भरे वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें वह अपने ...और पढ़ें

सिंगर अंकित बालियान। सोशल मीडि‍या

सिंगर अंकित बालियान। सोशल मीडि‍या

HighLights

  1. वीडियो में सिंगर अंकित बालियान विरोधियों को खुली चुनौती देते दिखे।

  2. पुलिस ने जल्द हत्याकांड का पर्दाफाश करने का कि‍या दावा

जागरण संवाददाता, शामली। हत्या के बाद सिंगर अंकित बालियान के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें वह कुछ लोगों को खुली चुनौती दे रहे हैं।

हरियाणा में नौ साल से अधिक समय तक रहकर बड़ा नाम बन चुके सिंगर अंकित बालियान ने ऐसे ही सोनीपत में जाना बंद नहीं किया था। उनकी हत्या के बाद उनसे जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें वह अपने विपक्षी को खुली चुनौती भी दे रहे हैं।पुलिस की प्रारंभि‍क जांच में यह भी आया है कि उनका किसी से हरियाणा में विवाद चल रहा था। यह विवाद किसी सिंगर से है या किसी गैंग के सदस्य से, यह आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट होगा।

गुरुवार को उनसे जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें अंकित बालियान बोल रहे है कि 'बहुत दिन हो गए सुनते-सुनते...चुप बैठे रहने का मतलब यह नहीं कि मैंने कोई गलती की है। जो बार-बार अंकित बालियान-अंकित बालियान नाम ले रहे हैं, कान खोलकर सुन लें। मैं वेस्ट यूपी से हूं और सोनीपत में रहता हूं, तेरे से जो उखड़ता है उखाड़ ले।'

वीडियो में वे आगे यह भी कहते हैं कि 'उन्होंने किसी का छीनकर या मुफ्त में पहचान नहीं बनाई है, बल्कि दिन-रात मेहनत करके इस मुकाम तक पहुंचे हैं।' अंत में वे चेतावनी भरे अंदाज में कहते हैं कि 'आगे से उनका नाम सोच-समझकर और ध्यान से लिया जाए।'

पुलिस की शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि यह वीडियो किसी गायक या विरोधी गुट से हुए विवाद के दौरान बनाया गया था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अंकित ने यह वीडियो किसके लिए जारी किया था और क्या इसी जुबानी जंग ने बाद में खूनी रंजिश का रूप ले लिया। फोरेंसिक टीम और एसटीएफ वायरल वीडियो के आधार पर संदिग्धों के संपर्कों को खंगाल रही है, ताकि हत्यारोपित और इसके पीछे के मास्टरमाइंड तक पहुंचा जा सके।

यह भी पढ़ें- अंकित बालियान हत्याकांड: CCTV फुटेज में दो बाइकों पर दिखे 4 संदिग्ध... बड़ा सवाल- शूटरों ने किसे भेजा कत्ल का वीडियो?

डीआईजी ने अधिकारियों के साथ की उच्चस्तरीय बैठक

थानाभवन: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड की जांच में पुलिस ने तेजी ला दी है। सहारनपुर रेंज के उपमहानिरीक्षक अभिषेक ने थानाभवन थाने का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की और अब तक की कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने मामले के शीघ्र राजफाश के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें- कौन थे हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान, जिनका शामली में हुआ मर्डर; मौत से एक घंटे पहले इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया वीडियो

गुरुवार को थानाभवन पहुंचे डीआईजी अभिषेक ने शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह और अन्य प्रमुख अधिकारियों के साथ विस्तृत मंत्रणा की। बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने अब तक की विवेचना की प्रगति, संदिग्धों से हुई पूछताछ और संकलित साक्ष्यों की जानकारी डीआईजी के समक्ष रखी।

यह भी पढ़ें- हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या, 20 राउंड फायरिंग से शामली में सनसनी

डीआईजी ने पुलिस टीमों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें तथा तकनीकी व डिजिटल साक्ष्यों का पूरी मुस्तैदी से उपयोग करते हुए वास्तविक दोषियों तक पहुंचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना से जुड़े हरसंभव पहलू की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस ने जल्द ही हत्याकांड का पर्दाफाश करने का पूरा भरोसा दिलाया है। इस उच्चस्तरीय बैठक में क्षेत्राधिकारी श्याम सिंह, क्षेत्राधिकारी जितेंद्र यादव और थाना प्रभारी निरीक्षक बिजेंद्र सिंह रावत समेत कई अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।