सिंगर अंकित बालियान के आईफोन को फोरेंसिक लैब भेजेगी पुलिस, भोलू की तलाश में हरियाणा पहुंची STF
अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस उसके आईफोन-17 प्रो को फोरेंसिक लैब भेज रही है और व्हाट्सएप मुख्यालय से जानकारी जुटा रही है।
-1787957838102_m.webp)
अंकित के आईफोन को फोरेंसिक लैब भेजेगी पुलिस।
HighLights
पुलिस अंकित का आईफोन फोरेंसिक लैब भेज रही है।
व्हाट्सएप मुख्यालय से चैट डिटेल्स मांगी गई हैं।
गोगी गैंग सरगना भोलू की तलाश में हरियाणा में छापेमारी।
जागरण संवाददाता, शामली। अंकित बालियान हत्याकांड का राजफाश करने में जुटी पुलिस को उसके आईफोन-17 प्रो मोबाइल में सिक्योरिटी लाक लगा होने के कारण कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस फोन को जांच और लाक तोड़ने के लिए फोरेंसिक लैब भेजने की तैयारी कर रही है।
दूसरी ओर वाट्सएप की समस्त जानकारी जुटाने के लिए टीम कैलिफोर्निया स्थित वाट्सएप मुख्यालय में भी संपर्क कर रही है। वहां ई-मेल भेजकर जानकारी मांगी है।
शुक्रवार को मुकदमे के विवेचक थाना प्रभारी धर्मेंद्र गौतम वादी अंकित बालियान के पिता सत्यवीर फौजी को साथ लेकर घटनास्थल पहुंचे। यहां एसआईटी ने वादी और जिम संचालक के बयान दर्ज किए। इसकी पूरी वीडियोग्राफी की गई।
हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा करने वाले और लारेंस गैंग के लिए कार्य कर चुके गोगी गैंग के सरगना राहुल उर्फ भोलू की तलाश में एसटीएफ और पुलिस की टीम हरियाणा पहुंची है। अंकित की बुधवार शाम जिम से निकलते ही गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि इस हत्याकांड की साजिश, धमकी या पुरानी दुश्मनी का राज अंकित के मोबाइल फोन में ही छिपा हो सकता है। पुलिस का मानना है कि अंकित की वाट्सएप चैट, काल हिस्ट्री और मैसेजिंग डिटेल्स से यह पूरी तरह साफ हो सकेगा कि घटना से पहले उनकी किससे बातचीत हुई थी और किस-किस के साथ उनकी दुश्मनी या विवाद चल रहा था।
एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है, हत्या का कारण स्पष्ट हो सके इसलिए उनके मोबाइल फोन को भी फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। हरियाणा पुलिस सूत्रों के अनुसार भोलू कनाडा में बैठकर ही गैंग संचालित करता है। उसके 10 से अधिक शूटर जेल में बंद हैं, जबकि अन्य बाहर या फरारी पर हैं।
हरियाणा के 10 जिलों में पहुंचकर यूपी एसटीएफ और शामली पुलिस ने कई शूटरों का कनेक्शन खंगाला है। हत्याकांड में इंटरनेशनल कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस और गंभीरता से मामले की जांच में जुटी है।
हरियाणा पुलिस के अनुसार भोलू पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। उसके खिलाफ हत्या, लूट और रंगदारी के 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। गोगी गैंग में करीब 150 सक्रिय बदमाश हैं। इनमें से ही चार शूटरों ने हत्याकांड को अंजाम दिया है।
पिता बोले- जाट मार्शल कौम है और बदला लेना जानती है
जिम से बाहर निकले अंकित के पिता सत्यवीर फौजी ने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्होंने पुलिस को समय दे रखा है और समय पूरा होने के बाद वे खुद बदला लेना जानते हैं। उन्होंने कहा कि उनके बच्चे का खून मिट्टी में मिला है और ऐसे ही आरोपितों का खून गिराया जाएगा। जाट मार्शल कौम है और बदला लेना जानती है। जब पुलिस विफल हो जाएगी, तब उनकी अपनी शुरुआत होगी।
पत्नी बोली- सीएम आवास के बाहर करूंगी आत्मदाह
अंकित की पत्नी सीमा दिल्ली में सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। उनका एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। इसमें वह कह रही हैं कि मेरी तो पूरी दुनिया ही खत्म हो गई है। अगले एक-दो दिनों में पुलिस ने अंकित की हत्या करने वाले बदमाशों का एनकाउंटर नहीं किया, तो वह मुख्यमंत्री आवास के पास पहुंचकर आत्मदाह करेंगी।
प्रसारित वीडियो में वह कह रही हैं कि फिलहाल अंकित का किसी से कोई विवाद नहीं था। साल 2023 में जरूर दो बार फोन पर धमकी आई थी। दूसरी ओर अंकित के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब साढ़े चार लाख फालोअर्स थे, जो हत्या के महज तीन दिनों के भीतर बढ़कर पांच लाख 89 हजार हो गए हैं।
