कमर्शियल गैस सिलिंडर हुआ सस्ता, छोटे कारोबारियों को मिली बड़ी राहत
तेल कंपनियों ने 19 किग्रा कमर्शियल सिलिंडर के दाम में 183.50 रुपये और 5 किग्रा वाले पर 6 रुपये की कटौती की है। ...और पढ़ें

HighLights
19 किग्रा कमर्शियल सिलिंडर के दाम में 183.50 रुपये की कटौती।
होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों को ईंधन खर्च में राहत।
घरेलू एलपीजी सिलिंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं।
जागरण संवाददाता, शामली। तेल कंपनियों ने होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा संचालकों और छोटे व्यापारियों को बड़ी राहत देते हुए 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलिंडर की कीमतों में कटौती की है। कंपनियों की ओर से जारी नई दरों के अनुसार कमर्शियल गैस सिलिंडर के दाम में अधिकतम 183.50 तक की कटौती हुई है।
नई कीमतें एक जुलाई 2026 से लागू हो गई हैं। लगातार कई महीनों तक कीमतों में बढ़ोतरी के बाद आई इस राहत से छोटे कारोबारियों को ईंधन खर्च में कमी आने की उम्मीद है। कमर्शियल गैस सिलिंडर के दाम में अधिकतम 183.50 और पांच किग्रा वाले कमर्शियल सिलिंडर के दामों में छह रुपये की कमी की गई है।
तेल कंपनियों के इस फैसले से सबसे अधिक लाभ होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग व्यवसाय, चाय-नाश्ते की दुकानों और छोटे खाद्य कारोबारियों को मिलेगा। इन संस्थानों में रोजाना बड़ी संख्या में कमर्शियल सिलिंडर का उपयोग होता है। ऐसे में सिलिंडर की कीमतों में कमी आने से उनके मासिक खर्च में कुछ राहत मिलेगी।
हालांकि, घरेलू उपयोग वाले 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू उपभोक्ताओं को अभी भी पुराने रेट पर ही सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
व्यापारियों ने सरकार और तेल कंपनियों के इस फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि पिछले महीनों में बढ़ते ईंधन खर्च के कारण कारोबार पर दबाव बढ़ गया था। कमर्शियल सिलिंडर की कीमत घटने से संचालन लागत कम होगी और ग्राहकों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
खबरें और भी
कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम कम होने से हमारे जैसे छोटे कारोबारियों को काफी राहत मिलेगी। पिछले कुछ समय से गैस खर्च लगातार बढ़ रहा था, जिससे मुनाफे पर असर पड़ रहा था। इस कटौती से मासिक खर्च कम होगा।
-नीरज संगल, रेस्टोरेंट संचालक
होटल और रेस्टोरेंट उद्योग में गैस सबसे जरूरी खर्चों में शामिल है। कीमतों में कमी आने से कारोबार को स्थिरता मिलेगी और हम बेहतर तरीके से सेवाएं दे पाएंगे।
-वंश, संचालक होटल विराज
छोटे दुकानदारों के लिए हर खर्च मायने रखता है। सिलिंडर के दाम घटने से हमें आर्थिक राहत मिलेगी। उम्मीद है कि भविष्य में भी कीमतों में स्थिरता बनी रहेगी।
-राजा, ढाबा संचालक
गैस महंगा होने से खाना बनाने की लागत भी बढ़ जाती है। प्रतिदिन आफिसों, बैंकों एवं अन्य दुकानदारों टिफिन सर्विस उपलब्ध कराई जाती है। कमर्शियल सिलिंडर सस्ता होने से हमारे काम की लागत घटेगी और इसका सकारात्मक असर कारोबार पर पड़ेगा।
-अनुज नामदेव, टिफिन सर्विस संचालक