यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 18, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Iqra Hasan: पश्चिम यूपी में तूल पकड़ रहा सांसद इकरा हसन से बदसलूकी का मामला, अब कलक्ट्रेट में गरजे सपाई
कैराना सांसद इकरा हसन के साथ सहारनपुर के एडीएम के कथित दुर्व्यवहार के खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कलेक्ट्रेट में नारेबाजी करते ह ...और पढ़ें

HighLights
- सांसद इकरा हसन से एडीएम का दुर्व्यवहार |
- सपा कार्यकर्ताओं का कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन |
- एडीएम पर कार्रवाई की मांग |
जागरण संवाददाता, शामली। कैराना लोकसभा क्षेत्र से सांसद इकरा हसन से सहारनपुर एडीएम के अभद्रता को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए है। शुक्रवार को सपा के विभिन्न प्रकोष्ठों ने कलक्ट्रेट में पहुंचकर खूब नारेबाजी करते हुए एडीएम के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की।
सपाइयों ने दो टूक कहा कि एडीएम ने भारत सरकार के गृह मंत्रालय, कार्मिक प्रशिक्षण विभाग के जारी निर्देशों का ही उल्लंघन नहीं किया, बल्कि संसदीय अधिकारों का हनन कर लोकतंत्र की मर्यादा का अपमान किया है
शुक्रवार को कलक्ट्रेट में सपा के युवजनसभा जिलाध्यक्ष संदीप चौधरी की अगुवाई में पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि सहारनपुर के एडीएम संतोष बहादुर सिंह ने सांसद इकरा हसन के साथ दुर्व्यवहार किया है।
सांसद की गरिमा को दरकिनार रखते हुए एडीएम ने लोकतंत्र की मर्यादा को चुनौती देने का काम किया है। उन्होंने एडीएम के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्मयंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा।
सपाइयों ने कहा कि सहारनपुर में एडीएम ने महिला चेयरमैन व महिला सांसद से दुर्व्यवहार किया है। यह अधिकारी निरंकुश व्यवहार कर रहे हैं। जनप्रतिनिधि एवं महिला सांसद इकरा हसन के प्रति एडीएम स्तर के अधिकारी द्वारा किए अपमानजनक व्यवहार से अनुमान लगाया जा सकता है कि आम आदमी के प्रति अधिकारी क्या व्यवहार कर रहे है।
कहा कि अधिकारी विधायक, सांसद एवं संवैधानिक पदों को न प्रोटोकाल दे रहे हैं और न ही उनके जनहित के कार्य कर रहे हैं। सपा कार्यकर्ताओं ने मांग की कि एडीएम को पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
उन्हें पद से मुक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं जनता से संवाद के शिष्टाचार और प्रशासनिक मर्यादा के लिए प्रशिक्षण के लिए भेजा जाए। ज्ञापन देने वालों में सपा लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष चौधरी कलीम हसन, अश्वनी गुर्जर, पूर्व ब्लाक प्रमुख शेर सिंह राणा, विनित रोड, जमीर चौहान, इमरान राणा, रविंद्र कुमार पाल, रिजवान अंसारी आदि शामिल रहे।