Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कांवड़ यात्रा: शामली में पहली बार तीन अस्थायी थाने बने; 7 सुपर जोन, 180 नाकाबंदी और 617 CCTV से निगरानी

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 06:52 PM (IST)

    शामली में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पहली बार तीन अस्थायी थाने स्थापित किए गए हैं। ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

    HighLights

    1. शामली में पहली बार तीन अस्थाई थाने स्थापित।

    2. जिले को 7 सुपर जोन, 18 जोन में विभाजित किया।

    3. 180 स्थानों पर नाकाबंदी, 617 सीसीटीवी से निगरानी।


    जागरण संवाददाता, शामली। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुगम तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

    कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के उद्देश्य से पहली बार तीन अस्थायी थाने स्थापित किए जा रहे हैं। ये तीनों अस्थायी थाने बनत, शिव चौक और मन्ना माजरा में बनाए गए हैं, जहां पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

    इसके अतिरिक्त कांवड़ मार्ग पर शिवभक्तों की सुरक्षा और सहायता के लिए 20 अस्थायी पुलिस चौकियां भी बनाई गई हैं। अतिरिक्त फोर्स भी जिले में आना शुरू हो गई है।

    जिले में कांवड़ यात्रा के दौरान लगभग 1500 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके लिए शासन स्तर से जिले को अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी आवंटित कर दी गई है, जिसमें से एक एएसपी, तीन सीओ, पांच निरीक्षक, 25 सिपाही, दो कंपनी पीएसी और एक प्लाटून फ्लड पीएसी शामली पहुंच चुकी है।

    कांवड़ मार्ग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए पूरे जिले को सात सुपर जोन, 18 जोन और 51 सेक्टरों में बांटा गया है। इस बार नई पहल करते हुए तीन अस्थायी थाने भी बनाए गए। इसमें बनत थाना प्रभारी सचिन शर्मा को बनाया गया, जबकि शिव चौक थानाध्यक्ष राहुल कादयान रहेंगे।

    इसके अलावा मन्ना माजरा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार रहेंगे। लालूखेड़ी से एसटी तिराहे तक बनत थाने का क्षेत्र, एसटी तिराहे से पूर्वी यमुना नहर तक शिव चौक थाने का क्षेत्र और पूर्वी यमुना नहर से यमुना ब्रिज हरियाणा सीमा तक मन्ना माजरा थाने का क्षेत्र रहेगा।

    खबरें और भी

    जिले के 79 किलोमीटर लंबे कांवड़ मार्ग पर 180 स्थानों पर नाकाबंदी और पिकेट बैरियर लगाए गए हैं, ताकि संदिग्धों और यातायात पर कड़ी नजर रखी जा सके। कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 23 वाच टावर बनाए गए हैं, जहां 24 घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

    पूरे कांवड़ मार्ग पर 151 संवेदनशील एवं मुख्य स्थानों पर 617 सीसीटीवी से निगरानी रखी जाएगी। शिवभक्तों की सुविधा के लिए 69 स्थानों पर साइन बोर्ड लगाए गए हैं।

    साथ ही इंटरनेट मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह या गलत बयानबाजी को रोकने के लिए अलग से तीन टीमों का भी गठन किया गया।

    हरियाणा सीमा से सटे कैराना और बिडौली क्षेत्र में यमुना पार करने वाले शिवभक्तों के लिए इस बार विशेष प्रबंध किए गए हैं। एनडीआरएफ की टीम, फ्लड पीएसी और गोताखोरों की देखरेख में श्रद्धालु यमुना में सुरक्षित स्नान कर सकेंगे।