1 लाख रुपए के नोटों से सजी अनोखी कांवड़ बनी आकर्षण का केंद्र, शामली में हुआ भव्य स्वागत
शामली में सावन कांवड़ यात्रा के दौरान हिसार से आई एक लाख रुपये के नोटों से सजी कांवड़ आकर्षण का केंद्र बनी, जिसे देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। ...और पढ़ें

शामली में एक लाख रुपये के नोटों से सजी आकर्षक कांवड़ लेकर गुजरते हिसार के कांवड़ियें
HighLights
शामली में एक लाख रुपये के नोटों से सजी कांवड़।
हिसार के शिवभक्तों द्वारा हरिद्वार से लाई गई कांवड़।
यात्रा बाद राशि शिव मंदिर में दान की जाएगी।
संवाद सहयोगी, शामली। सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान जिले में उस समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जब हरियाणा के हिसार से आए कांवड़ियों की एक विशेष कांवड़ लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गई।
करीब एक लाख रुपये के नोटों से सजी यह भव्य कांवड़ देखने के लिए सड़क किनारे लोगों का तांता लग गया। राहगीर रुक-रुककर कांवड़ की तस्वीरें लेते नजर आए, वहीं कांवड़ सेवा शिविर में श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारों के साथ कांवड़ियों का स्वागत किया।
बुधवार को शहर के बीच से एक लाख रुपये के नोटों से सजी एक आकर्षक कांवड़ लेकर हरियाणा के हिसार के कांवड़ियों 10 सदस्यीय गुजरा। कांवड़ दल में शामिल पुनीत मदान ने बताया कि यह विशेष कांवड़ के निर्माण में 50 और 100 के नोटों का प्रयोग कर एक लाख रुपये लगाए गए है।
हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच रही कांवड़
नोटों की सुरक्षा एवं बरसात के मौसम को देखते हुए नोटों के ऊपर पारदर्शी टेप लगाई गई है। उन्होंने बताया कि उनके दल में शामिल कुणाल, दीपक भाट, दीपू मदान, मानव और गगन सोनी समेत दस शिवभक्त शामिल है। उन्होंने बताया कि दो जुलाई को हरिद्वार स्थित हर की पौड़ी से गंगाजल उठाकर अपनी धार्मिक यात्रा शुरू की थी।
खबरें और भी
पूरी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ टीम पैदल यात्रा करते हुए विभिन्न पड़ावों से होकर शामली पहुंची। कांवड़ को रंग-बिरंगी सजावट, विद्युत झालरों और नोटों से सजाकर आकर्षक रूप दिया गया है, जिसके कारण यह दूर से ही लोगों का ध्यान खींच रही है।
शिव मंदिर में दान कर दी जाएगी पूरी राशि
कांवड़ियों ने बताया कि कांवड़ में लगाए गए नोट केवल प्रदर्शन के लिए नहीं हैं, बल्कि यह भगवान शिव के प्रति उनकी आस्था का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा संपन्न होने के बाद पूरी राशि स्थानीय शिव मंदिर में दान कर दी जाएगी, ताकि मंदिर और धार्मिक कार्यों में इसका उपयोग हो सके।
कांवड़ियों ने भी शहर के कांवड़ शिविरों व प्रशासनिक व्यवस्था की तारीफ की। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने पहली बार इतनी अनोखी कांवड़ देखी है। नोटों वाली विचित्र कांवड़ को देखने वालों की भीड़ लगी रही, और उनकी भावना जानकर प्रशंसा की। सावन की इस अनूठी कांवड़ ने श्रद्धा, सेवा और दान की भावना का सुंदर संदेश दिया है।