शामली के 18 क्षेत्रों में बंद होगी LPG सिलिंडर की आपूर्ति, PNG कनेक्शन लेना अनिवार्य
Shamli News : शामली के उन इलाकों में रसोई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह बंद कर दी जाएगी, जहां इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने पाइपलाइन बिछाई है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
आईजीएल पाइपलाइन वाले क्षेत्रों में पीएनजी कनेक्शन अनिवार्य।
23 जुलाई के बाद 18 क्षेत्रों में सिलिंडर नहीं मिलेंगे।
जागरण संवाददाता, शामली। जिले के जिन शहरी इलाकों में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने पाइप लाइन बिछा दी है, वहां जुलाई से रसोई गैस (LPG) सिलिंडरों की आपूर्ति पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। जिला पूर्ति विभाग ने आम जनता के हित में निर्देश जारी करते हुए उपभोक्ताओं से तय समय सीमा के अंदर अनिवार्य रूप से पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन लेने की अपील की है।
जिला पूर्ति अधिकारी अंकुर यादव ने बताया कि पूर्व में भी जनता को सचेत किया गया था कि आइजीएल नेटवर्क वाले क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को तीन महीने के भीतर पीएनजी अपनाना होगा। 12 मई को जिला पूर्ति अधिकारी की अध्यक्षता में एलपीजी कंपनियों और आइजीएल अधिकारियों की संयुक्त बैठक में यह निर्णय लिया गया।
इन क्षेत्रों में निलंबित होगी एलपीजी सिलिंडरा की आपूर्ति
इसके तहत नगर की कमला कालोनी समेत आदर्श विहार, सीबी गुप्ता कालोनी, चौधरी चरण सिंह कालोनी, दयानंद नगर, देवयोग एन्क्लेव, गगन विहार, गैर बुखारी, जाट कालोनी, काका नगर, कांबोज कालोनी, पंजाबी कालोनी, रेलपार, रणजीत नगर, सलेक विहार, शिव विहार, ताजपुरा सिंभालका और टीचर्स कालोनी के निवासियों को अंतिम मौका दिया गया है।
23 जुलाई के बाद इन सभी 18 क्षेत्रों में एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी जाएगी। प्रशासन ने सुरक्षित और सुलभ ऊर्जा के लिए जनता से सहयोग की अपील की है।
इन्होंने कहा...
केंद्र और राज्य सरकार के निर्देशों पर यह कदम जनहित और सुरक्षा के लिए उठाया गया है। जिन इलाकों में गैस पाइपलाइन बिछ चुकी है, वहां के परिवार तय तारीख तक अपना कनेक्शन जरूर करा लें। इसके बाद इन क्षेत्रों में सिलिंडरों की सप्लाई पूरी तरह बंद हो जाएगी। किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए समय पर इस सुरक्षित और आधुनिक व्यवस्था को अपनाएं।
-अंकुर यादव, जिला पूर्ति अधिकारी