Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गुम हुआ फोन पाकर लोगों के चेहरे पर खिली मुस्कान, पुलिस ने मालिकों को लौटाए 119 मोबाइल

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 07:16 PM (IST)

    शामली पुलिस की सर्विलांस सेल और सीईआइआर पोर्टल की टीम ने 18 लाख रुपये मूल्य के 119 गुमशुदा/चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. शामली पुलिस ने 119 गुमशुदा/चोरी मोबाइल फोन बरामद किए।

    2. बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत 18 लाख रुपये है।

    3. सीईआइआर पोर्टल और सर्विलांस सेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

    जागरण संवाददाता, शामली। सर्विलांस सेल और जिले के सभी थानों की पुलिस पर प्रचलित सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आईडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर नियुक्त पुलिसकर्मियों की टीम ने आमजन के खोए व चोरी हुए करीब 18 लाख रुपये कीमत के 119 मोबाइल फोन बरामद किए।

    रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसपी एनपी सिंह ने सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सिपुर्द किए। अपना खोया हुआ मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और सभी ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

    एसपी ने बताया कि सर्विलांस सेल तथा जिले के समस्त थानों पर सीईआईआर पोर्टल पर कार्य कर रहे पुलिसकर्मियों को आमजन के खोए हुए मोबाइल फोनों को शीघ्र बरामद करने के सख्त निर्देश दिए गए थे।

    टीम के प्रयास से अलग-अलग कंपनियों के कुल 119 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 18 लाख रुपये है।

    उन्होंने बताया कि बरामद किए गए मोबाइलों में से 50 से अधिक फोन दक्षिण भारत के राज्यों तक पहुंच चुके थे, जिन्हें वहां की स्थानीय पुलिस से संपर्क स्थापित कर कूरियर के माध्यम से वापस मंगाया गया। इसके अलावा अधिकतर मोबाइल फोन उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब जैसे पड़ोसी राज्यों से बरामद किए गए हैं।

    एसपी ने नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाता है, तो उसे बिना किसी देरी के नजदीकी थाने पर सूचना देनी चाहिए अथवा सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

    खबरें और भी

    शिकायत दर्ज करते समय मोबाइल फोन की खरीद रसीद और पहचान पत्र के साथ आवश्यक विवरण पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होता है।

    शिकायत पंजीकृत होने के बाद शिकायतकर्ता को एक रिक्वेस्ट नंबर मिलता है, जिसके बाद यदि उस मोबाइल फोन में कोई नया सिम डालकर इस्तेमाल किया जाता है, तो सर्विलांस टीम को तुरंत लोकेशन ट्रेस करने में सफलता मिलती है। 119 लोगों की ओर से शामली पुलिस का आभार व्यक्त किया गया।

    बोले मोबाइल स्वामी

    मेरा मोबाइल बाजार में खरीदारी के दौरान जेब से गिरकर गुम हो गया था। मैंने सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत तो दर्ज करा दी थी, लेकिन मिलने की उम्मीद छोड़ चुका था। आज पुलिस लाइन से फोन आया और जब अपना मोबाइल वापस मिला तो बेहद खुशी हुई। शामली पुलिस का यह प्रयास वास्तव में सराहनीय है।

    -अरविंद कुमार

     

    बस में यात्रा करते समय मेरा फोन किसी ने चोरी कर लिया था। मैंने थाने में सूचना दी थी। आज अपना फोन सही-सलामत वापस पाकर मैं खुश हूं। पुलिस के कारण आज मोबाइल फोन वापस मिल पाया है।

    -नरेश कुमार

     

    मेरा मोबाइल फोन रास्ते में गिर गया था, जिसमें मेरे कई जरूरी दस्तावेज और स्वजन की तस्वीरें थीं। फोन वापस मिलने की उम्मीद खत्म हो चुकी थी, लेकिन पुलिस ने इसे बरामद कर सिपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्यप्रणाली ने जनता के दिल में विश्वास और बढ़ा दिया है।

    -सोनू

     

    फोन चोरी होने के बाद नया फोन खरीद लिया था, चूंकि पुराना फोन मिलने की उम्मीद नहीं थी। इसके बाद पोर्टल पर पुलिस ने शिकायत दर्ज की और फोन मिल गया। पुलिस का यह कार्य बहुत सराहनीय है। इससे आमजन को काफी लाभ मिला।

    -बाबूराम