Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शामली : प्रेमिका के खर्चे और बिजली का बिल जमा करने के लिए की थी सेल्समैन से लूट, पांच आरोपित गिरफ्तार

    Updated: Sun, 05 Jul 2026 12:41 AM (IST)

    शामली पुलिस ने शराब सेल्समैन से 85 हजार रुपये की लूट के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने यह लूट प्रेमिकाओं के खर्च और बिजली का ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. शामली में सेल्समैन से 85 हजार की लूट के पांच आरोपी गिरफ्तार।

    2. प्रेमिकाओं के खर्च और बिजली बिल चुकाने के लिए की थी लूट।

    3. पुलिस ने 53 हजार रुपये, चाकू और तमंचा बरामद किया।

    जागरण संवाददाता, शामली। देसी शराब की दुकान के सेल्समैन से 85 हजार रुपये की लूट करने वाले पांच आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपितों में एक ने लूट की रकम से अपने घर की बिजली जुड़वाने के लिए सात हजार रुपये का बिल जमा किया, जबकि दो ने अपनी-अपनी प्रेमिका को जरूरत और खर्चे के लिए उन्हें रकम दी। दो श्रमिकों ने निजी खर्च के लिए रुपये घर में संभाल कर रख लिए थे। आरोपितों से चाकू, तमंचा और 53 हजार रुपये बरामद हुए।

    गांव हाथी कारौंदा के पास देसी शराब की दुकान के सेल्समैन आकाश से दो जुलाई की रात दिल्ली-देहरादून इकानोमिक कारिडोर के अंडरपास के निकट दो बाइक सवार बदमाशों ने रुपयों से भरा बैग लूट लिया था। पीड़ित ने तीन जुलाई को पुलिस को सूचना दी थी। राजफाश के लिए तीन टीम का गठन किया और सीसीटीवी के आधार पर पांच आरोपितों अंकुर, सागर, शावेज, शाकिब और मोनू निवासी गांव बंतीखेड़ा को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।

    शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी एनपी सिंह ने बताया कि पकड़े गए पांचों आरोपितों ने पहली बार लूट की घटना को अंजाम दिया था। सेल्समैन ने शुरुआत में एक लाख रुपये की लूट की सूचना दी थी, जबकि पुलिस जांच में सामने आया कि उसके पास से वास्तव में 85 हजार रुपये लूटे गए थे।

    घटना का मुख्य आरोपित है सागर

    पूछताछ में सामने आया कि घटना का मुख्य आरोपित सागर है, जिसके घर का बिजली बिल बकाया होने के कारण आपूर्ति काट दी गई थी। सागर पर कुल 28 हजार रुपये का बकाया था और उसने लूट के रुपयों में से सात हजार रुपये का भुगतान कर अपने घर की लाइट जुड़वा ली थी।

    खबरें और भी

    वारदात में मुखबिरी करने वाले अंकुर और मोनू को हिस्से के तौर पर 10-10 हजार रुपये मिले थे। दोनों ने अपनी-अपनी प्रेमिकाओं के खर्च और जरूरतों के लिए इस अपराध का रास्ता चुना। मोनू ने बताया कि उसने अपनी प्रेमिका से 10 हजार रुपये उधार लिए थे, जिसे अब स्नातक में दाखिला (एडमिशन) कराने के लिए रुपयों की जरूरत थी।

    उधार चुकाने के दबाव में वह घटना में शामिल हुआ। दूसरी तरफ, अंकुर ने प्रेमिका के मोबाइल रिचार्ज और अन्य खर्चों को पूरा करने के लिए इस घटना में साथ दिया। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में शामिल अन्य दो आरोपित शाकिब पीओपी का कार्य करता है, जबकि शावेज वेल्डिंग का कार्य करता है।

    ये दोनों आठवीं पास हैं, जबकि मोनू 12वीं पास है और अंकुर इस बार 12वीं कक्षा में आया है। जांच में यह भी पता चला कि डेढ़ माह पूर्व अंकुर की शराब के ओवररेट को लेकर सेल्समैन आकाश से कहासुनी हुई थी, जिसका वह बदला भी लेना चाह रहा था। पुलिस ने आरोपितों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।