Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शराबखोरी के खिलाफ खड़ी हुईं गांव की प्रधान... सरेआम किया ये ऐलान

    By Akash Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Thu, 19 Feb 2026 12:56 PM (IST)

    शामली के अहाता गोसगढ़ गांव की प्रधान चौधरी संगीता रोड ने शराबखोरी के खिलाफ एक नई और सराहनीय पहल की है। उन्होंने अवैध शराब बेचने वालों की सूचना देने वा ...और पढ़ें

    (प्रतीकात्मक फोटो)

    (प्रतीकात्मक फोटो)

    HighLights

    1. ग्राम प्रधान ने शराबखोरी के खिलाफ नई पहल की।

    2. अवैध शराब विक्रेताओं की सूचना पर 11 हजार का इनाम।

    3. गांव को नशामुक्त बनाने के लिए सराहनीय प्रयास।

    जागरण संवाददाता, शामली। सामाजिक सरोकार और ग्रामीणों को नशामुक्त रखने की दिशा में थानाभवन ब्लाक के गांव अहाता गोसगढ़ की ग्राम प्रधान ने नई पहल की है। ग्रामीण-युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने और चुनाव की आहट के बीच गांव में सक्रिय हुए शराब तस्करों पर नकेल कसने को उन्होंने घोषणा की कि यदि कोई भी व्यक्ति शराब बेचने वाले की सूचना देगा तो उसे 11 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।

    एक दौर था जब यहां कच्ची और अन्य शराब की अवैध तस्करी होती थी। आए दिन आबकारी और पुलिस छापेमारी कर तस्करों को गिरफ्तार करती थी। अब गांव के माहौल में बदलाव आया है। लोग गांव को नशामुक्त बनाने की शपथ ले रहे हैं। पिछले दिनों गांव में तंबाकू बेचने पर प्रतिबंध लगाया गया था।

    अब कच्ची, अवैध शराब की बिक्री करने वालों के खिलाफ गांव की प्रधान चौधरी संगीता रोड ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि जो भी शराब बेचने वाले की सूचना देगा उसे 11 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। उसका नाम भी गोपनीय रखा जाएगा। यदि शराब बेचने वाले परिवार से कोई महिला या अन्य सदस्य सूचना देगा तो उन्हें 21 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।

    नशामुक्त गांव बनाने में करें सहयोग
    ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों का आह्वान करते हुए कहा कि गांव की खुशहाली और शांति के लिए शराब तस्करों की सूचना देना बेहद जरूरी है। प्रधान की इस पहल की प्रशंसा हो रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस पुरस्कार योजना के डर से तस्कर गांव से किनारा करेंगे।

    खबरें और भी

    गांव को नशा मुक्त बनाना मकसद है
    गांव को नशा मुक्त बनाना हमारा मकसद है। गांव का कोई भी व्यक्ति अवैध शराब, कच्ची शराब बेचने की सूचना देगा तो उसे 11 हजार रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा।-चौधरी संगीता रोड, ग्राम प्रधान