श्रावस्ती में खाद लेने गया किसान बनाने लगा वीडियो, एडीओ ने दी जूते से मारने की धमकी; Video Viral
Video Viral: समिति पर जमुनहा एडीओ सहकारिता जांच करने आए थे। एडीओ किसान को फार्मर आइडी बनवाने के लिए बता रहे थे। ...और पढ़ें

श्रावस्ती: वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर न्याय की गुहार लगाई
HighLights
समिति पर उर्वरक लेने गया था किसान, बातचीत का वीडियो बनाने पर भड़के एडीओ सहकारिता
इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो, एक माह पहले का बताया जा रहा मामला
संवाद सूत्र, श्रावस्ती। प्रदेश में हल्की-फुल्की बरसात के दौरान धान की बोआई शुरू हो गई है। इसके लिए खाद का भी प्रयोग हो रहा है।
जिले के जमुनहा भवनियापुर सहकारी समिति पर किसान उर्वरक लेने पहुंचा तो यहां एडीओ सहकारिता से बातचीत कर वीडियो बनाने लगा। इस पर उन्होंने किसान को जूते से मारने के लिए धमकी देते हुए धक्का-मुक्की की। पीड़ित ने वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर न्याय की गुहार लगाई। मामला एक माह पुराना बताया जा रहा है।
जमुनहा ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरगदहा के बहुउद्देश्यीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति जमुनहा भवनियापुर पर गनेशपुर भागड़ के बबलू यादव डीएपी लेने गए थे। समिति पर जमुनहा एडीओ सहकारिता जांच करने आए थे। एडीओ किसान को फार्मर आइडी बनवाने के लिए बता रहे थे।
बबलू फोन से उनका वीडियो बनाने लगे। आरोप है कि इससे नाराज एडीओ ने किसान को जूते मारने की धमकी दी और उसके साथ धक्का-मुक्की की। किसान डर कर घर भाग गया। उसने घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर एडीओ पर कार्रवाई की मांग की, तो मामला चर्चा में आया।
एडीओ सहकारिता ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि किसान के पास फार्मर आइडी नहीं थी। उसे बता रहे थे। इस पर वह वीडियो बनाने लगा और वह नशे में गाली दे रहा था। इसी कारण से ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करना पड़ा।