मकान के पीछे का दरवाजा तोड़ सोने-चांदी के गहने और पैसे चोरी, शादी समारोह में शामिल होने गया था परिवार
भिनगा नगर के नई बाजार में एक घर में चोरी हो गई। परिवार बहराइच में शादी समारोह में गया था, तभी चोरों ने पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया।

HighLights
भिनगा में घर से सोने-चांदी के गहने चोरी।
परिवार शादी समारोह में बहराइच गया हुआ था।
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
संवाद सूत्र, भिनगा (श्रावस्ती)। भिनगा नगर के नई बाजार में रविवार की रात चोरों ने धावा बोला। एक मकान में घुसकर चोर कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे रुपये व सोने-चांदी के गहने उठा ले गए। घटना के समय गृह स्वामी परिवार समेत बहराइच वैवाहिक समारोह में शामिल होने गए थे। वापस लौटने पर चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने भिनगा कोतवाली में तहरीर दी है।
नई बाजार मुहल्ला में संतोषी माता मंदिर के पास के निवासी पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 22 फरवरी को वे परिवार समेत बहराइच में वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। इसी दौरान रात में चोर उनके मकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए।
तीन कमरों का तोला तोड़ा
इसके बाद तीनों कमरों का ताला तोड़कर अंदर रखी अलमारी का लाक तोड़कर उसमें रखे छह हजार रुपये, सोने की चेन, सोने की अंगूठी, छह जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी चांदी की पायजेब व अन्य सारा सामान उठा ले गए।
यह भी पढ़ें- ANTF ने एक करोड़ की मॉर्फीन के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार, लखनऊ के मॉल में बेचने की थी योजना
रात में लगभग 11.45 बजे जब वे वापस घर लौटे, तब उन्हें चोरी की जानकारी हुई। घर का सारा सामान इधर-उधर बिखरा था। भिनगा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जल्द ही आरोपिताें को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।

