Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    श्रावस्ती : 30 हजार रिश्वत लेकर धोखाधड़ी करने पर अकाउंटेंट सस्पेंड, मुकदमा भी दर्ज; विधवा की जमीन जेठ के नाम करने का आरोप

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 06:27 PM (IST)

    श्रावस्ती के जमुनहा में एक लेखपाल ने विधवा महिला से जमीन वरासत के नाम पर 30 हजार रुपये रिश्वत लेकर उसकी जमीन जेठ के नाम कर दी। शिकायत के बाद डीएम के आ ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. विधवा महिला से 30 हजार रुपये रिश्वत ली लेखपाल ने।

    2. जमीन वरासत के बजाय जेठ के नाम कर दी।

    3. शिकायत के बाद लेखपाल निलंबित, धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज।

    संवाद सूत्र, जमुनहा(श्रावस्ती)। जमुनहा तहसील के बरदेहरा भारी गांव में तैनात लेखपाल ने जमीन की वरासत करने के नाम पर विधवा महिला से 30 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद जमीन उसके जेठ के नाम वरासत कर दिया।

    पीड़िता की शिकायत पर डीएम ने जांच के आदेश दिए। एसडीएम ने लेखपाल को निलंबित कर दिया। राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर सोनवा थाने में लेखपाल पर धोखाधड़ी व भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ है।

    बरदेहरा भारी गांव निवासी छेदाना की एक वर्ष पूर्व मौत हो गई थी। मृतका की जमीन का वरासत बड़े बेटे रामदीन व छोटे बेटे स्वर्गीय राम कुमार की पत्नी शुभावती के होनी थी। काफी समय बीतने के बाद भी वरसात न होने पर शुभावती ने लेखपाल गोपाल से संपर्क किया। लेखपाल ने वरासत करने के बदले रुपये की मांग की।

    30 हजार रुपये लेखपाल को दिए

    परेशान महिला ने भागदौड़ से बचने के लिए 30 हजार रुपये लेखपाल को दे दिए। रुपये लेने के बाद भी लेखपाल ने नियमों को दर-किनार कर पूरी जमीन महिला के जेठ रामदीन के नाम वरासत कर दिया।

    इसकी जानकारी होने पर पीड़िता ने शिकायत की तो लेखपाल ने पैसे लौटाने के लिए उसे 30 हजार चेक दे दिया। 29 जुलाई दिन बुधवार को महिला ने डीएम अन्नपूर्णा गर्ग से मिलकर मामले की शिकायत की। डीएम ने इसे संज्ञान में लेते हुए तुरंत लेखपाल को तलब किया।

    जमुनहा एसडीएम रवि प्रताप सिंह को कार्रवाई के आदेश दिए। राजस्व निरीक्षक जमुनहा राइस अहमद की तहरीर पर लेखपाल के खिलाफ सोनवा थाने में मामला दर्ज हुआ है। एसडीएम ने बताया कि आरोपित लेखपाल पर मामला दर्ज कराया गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पीड़िता को अब अपने हक की जमीन वापस पाने का इंतजार है।