विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रावस्ती : पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर चोर गिरफ्तार, एक गोली लगने से घायल; दो आरोपित मौके से फरार

Updated: Mon, 17 Aug 2026 03:57 PM (IST)

श्रावस्ती में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान चोरी की योजना बना रहे दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया, जिसमें एक के पैर में गोली लगी। इस कार्रवाई में एक आरक्षी भी घायल हुआ, जबकि दो अन्य आरोपित फरार होने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. श्रावस्ती पुलिस ने मुठभेड़ में दो शातिर चोरों को दबोचा।

  2. एक आरोपित के पैर में गोली लगी, आरक्षी भी घायल।

  3. चोरी के जेवर, रुपये और हथियार बरामद, दो आरोपित फरार।

संवाद सूत्र, श्रावस्ती। भिनगा कोतवाली पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार की रात मुठभेड़ में चोरी की योजना बना रहे दो आरोपितों को दबोच लिया। एक के पैर में गोली लगी है। दो भागने में सफल रहे। बचाव के दौरान गिरने से एक आरक्षी भी घायल है। टीम ने इलाज के लिए इन्हें भिनगा सीएचसी में भर्ती कराया गया है। आरोपितों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, खोखा समेत चोरी के जेवर व रुपये बरामद हुए हैं।

एसपी राहुल भाटी ने बताया कि रात में भिनगा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह टीम के साथ भ्रमणशील थे। इसी दौरान सूचना मिली कि भिनगा जंगल में अंटा तिराहे से जानकीनगर जाने वाले रास्ते पर कुछ लोग चोरी की योजना बना रहे हैं। भिनगा पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने आरोपितों की घेराबंदी की। एक आरोपित ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया।

आरोपित लूची गिरफ्तार

इससे बचाव करते हुए आरक्षी प्रवीण पांडेय गिरकर घायल हो गए। टीम ने आत्मरक्षा में फायरिंग की तो भिनगा क्षेत्र के वर्गावर्गी के गोबार निवासी आरोपित मंगरे प्रसाद के पैर में गोली लगी। टीम ने उसे व भिनगा नगर के हनुमानगढ़ी निवासी आरोपित लूची को गिरफ्तार किया, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर दो आरोपित फरार हो गए। पूछताछ में आरोपित लूची ने फरार आरोपित हनुमानगढ़ी के गिरीश बहेलिया व गोबार निवासी शिवकुमार जायसवाल उर्फ दुबे के बारे में जानकारी दी।

इनकी तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई है। घायल आरक्षी व आरोपित का इलाज भिनगा सीएचसी में चल रहा है। एएसपी चंद्रकेश सिंह व सीओ भरत पासवान ने अस्पताल पहुंचकर घायल आरक्षी व आरोपित के स्थिति की जानकारी ली।

यह भी पढ़ें- रानी लक्ष्मी बाई स्कूटी योजना: लवि ने कॉलेजों से मांगी छात्राओं की लिस्ट, गाइडलाइन न होने से प्राचार्य परेशान

फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किया है। आरोपितों के कब्जे से तमंचा 315 बोर, दो कारतूस, दो खोखा, चाकू तथा भिनगा कोतवाली, सिरसिया व सोनवा थाना क्षेत्र से चोरी किए गए जेवर, रुपये, कपड़े व अभिलेख बरामद हुए हैं।