सिद्धार्थनगर में दाह संस्कार के दौरान बानगंगा नदी में तीन युवक डूबे, खोज अभियान जारी
सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ में दाह संस्कार के दौरान बानगंगा नदी में तीन युवक डूब गए, जिनकी तलाश जारी है। यह घटना बैदौली घाट पर हुई, जहां गहरे पानी और ते ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
शोहरतगढ़ में दाह संस्कार के दौरान तीन युवक बानगंगा नदी में डूबे।
बैदौली घाट पर गहरे पानी और तेज बहाव से हुआ यह हादसा।
पुलिस, गोताखोर और एसडीआरएफ टीम द्वारा युवकों की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, शोहरतगढ़, (सिद्धार्थनगर)। दाह संस्कार कराने पहुंचे तीन युवक नदी में डूब गए। घटना के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई और स्वजन के साथ मौजूद लोगों में चीख-पुकार शुरू हो गई। मामला गुरुवार को शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बैदौली घाट स्थित बानगंगा नदी की है।
डूबने वाले युवकों की पहचान 18 वर्षीय शिवा पुत्र राममूरत, 18 वर्षीय रवि पुत्र रामस्वरूप तथा 19 वर्षीय मोनू पुत्र बब्लू, निवासी ग्राम मधवापुर टोला मिझुनियां, थाना शोहरतगढ़ के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों गांव की एक बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार में शामिल होने बैदौली घाट आए थे। अंतिम संस्कार के दौरान किसी तीनों नदी में उतर गए और गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। इनमें से एक युवक मृतका का नाती बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों को खोज अभियान में लगाया। आसपास के ग्रामीण भी तलाश में सहयोग कर रहे हैं।
एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया है। एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दे दी गई है और उसके पहुंचते ही खोज अभियान को और तेज किया जाएगा। थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।