26 जुलाई से देवघर तक चलेगी एक्सप्रेस ट्रेन, बढ़नी से सीधे बाबा धाम पहुंचेंगे श्रद्धालु
श्रावण मास के लिए बढ़नी से देवघर तक विशेष एक्सप्रेस ट्रेन 26 जुलाई से 29 अगस्त तक चलेगी, जिससे सिद्धार्थनगर और आसपास के हजारों श्रद्धालुओं को बाबा बैज ...और पढ़ें

HighLights
बढ़नी से देवघर तक श्रावण मेला विशेष ट्रेन शुरू।
26 जुलाई से 29 अगस्त तक 33 फेरे लगाएगी।
सिद्धार्थनगर के हजारों श्रद्धालुओं को सीधी यात्रा सुविधा।
जागरण संवाददाता, शोहरतगढ़, (सिद्धार्थनगर)। श्रावण मास में बाबा बैजनाथ धाम में जलाभिषेक की अभिलाषा रखने वाले जिले के हजारों श्रद्धालुओं की राह इस बार आसान होगी। उन्हें देवघर पहुंचने के लिए ट्रेन बदलने की झंझट से राहत मिलेगी। रेल प्रशासन ने बढ़नी से देवघर के बीच श्रावण मेला विशेष एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को स्वीकृति दी है।
यह ट्रेन 26 जुलाई से 29 अगस्त तक 33 फेरे लगाएगी। जिले से प्रतिवर्ष करीब 30 से 35 हजार श्रद्धालु बाबा बैजनाथ धाम की यात्रा करते हैं। ऐसे में इस विशेष ट्रेन का सीधा लाभ बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों को मिलेगा।
अभी तक जिले के श्रद्धालुओं को बाबा धाम की यात्रा के लिए अलग-अलग स्थानों से ट्रेन पकड़ने अथवा रास्ते में ट्रेन बदलने की परेशानी उठानी पड़ती थी। जिले के श्रद्धालु अभी तक देवघर जाने के लिए गोरखपुर से ट्रेन की यात्रा करते थे। विशेष ट्रेन चलने से बढ़नी के साथ शोहरतगढ़ व सिद्धार्थनगर समेत आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी सहूलियत मिलेगी।
ट्रेन बढ़नी से चलकर शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर, आनंदनगर, गोरखपुर, कप्तानगंज, पड़रौना, थावे और सुल्तानगंज के रास्ते देवघर पहुंचेगी। रेल प्रशासन की ओर से 05026/05027 नंबर से संचालित होने वाली विशेष एक्सप्रेस में दो शयनयान समेत 14 सामान्य बोगियां होंगी।
बढ़नी से यह ट्रेन दोपहर 3.20 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर एक बजे देवघर पहुंचेगी। ट्रेन की समय सारिणी स्टेशन पर चस्पा कर दी गई है और आरक्षण की सुविधा भी शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत, ससुराल वाले घर छोड़कर फरार
शोहरतगढ़ स्टेशन अधीक्षक सद्दाम हुसैन ने बताया कि श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित व सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष ट्रेन संचालित की जा रही है। बढ़नी से देवघर तक सीधी रेल सेवा शुरू होने की जानकारी मिलने के बाद श्रद्धालुओं में उत्साह है। इससे जिले के साथ नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों के बाबा धाम जाने वाले यात्रियों को भी यात्रा में बड़ी सहूलियत मिलेगी।