विवादित नक्शे के साथ जारी होगा नेपाल का नया एक रुपये का सिक्का, कैबिनेट ने नए डिजाइन को दी मंजूरी
नेपाल सरकार ने विवादित नक्शे वाले एक रुपये के नए सिक्के के डिजाइन को मंजूरी दे दी है, जिसमें भारत के कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा क्षेत्र शामिल ह ...और पढ़ें

विवादित नक्शे के साथ नेपाल सरकार द्वारा जारी एक रुपये के सिक्के की डिजाइन। सौ. इंटरनेट मीडिया
HighLights
नेपाल का नया एक रुपये का सिक्का विवादित नक्शे के साथ।
नक्शे में कालापानी, लिपुलेख, लिम्पियाधुरा जैसे भारतीय क्षेत्र शामिल।
भारत ने द्विपक्षीय वार्ता से विवाद सुलझाने पर जोर दिया।
जितेन्द्र पाण्डेय, सिद्धार्थनगर। नेपाल का नया एक रुपये का सिक्का विवादित नक्शे के साथ ही जारी होगा। नेपाल सरकार ने एक रुपये के सिक्के के लिए नया डिजाइन तैयार किया है। इसमें देश का आधिकारिक नक्शा यथावत रखा गया है। इस नक्शे में कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा जैसे भारतीय क्षेत्र भी दर्शाए गए हैं, जिन पर नेपाल दावा करता है। सिक्के पर आकाश भैरव की तस्वीर भी अंकित की जाएगी।
नेपाल के वित्त मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार मंत्रिपरिषद से मंजूरी मिलने के बाद नए डिजाइन का प्रस्ताव नेपाल राष्ट्र बैंक को भेज दिया गया है। इससे पहले राष्ट्र बैंक ने मुस्तांग स्थित ऐतिहासिक घर गुम्बा की तस्वीर वाला डिजाइन मंजूरी के लिए भेजा था, लेकिन सरकार ने उसे वापस कर संशोधित प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए थे। नेपाल राष्ट्र बैंक अधिनियम के तहत किसी भी नए बैंक नोट या सिक्के के डिजाइन में बदलाव के लिए मंत्रिपरिषद की मंजूरी आवश्यक होती है।
राष्ट्र बैंक के प्रवक्ता गुरु प्रसाद पौडेल ने बताया कि नए सिक्के पर नेपाल का आधिकारिक नक्शा यथावत रहेगा, जबकि सिक्के का आकार, वजन और धातु में बदलाव किया जाएगा। वर्तमान एक रुपये के सिक्के की निर्माण लागत उसके अंकित मूल्य से अधिक होने के कारण अब मिश्रधातु के स्थान पर स्टील का उपयोग करने की तैयारी है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान सिक्के पर बने 64 बिंदु नेपाल की 64 योगिनियों का प्रतीक हैं और नए डिजाइन में भी सांस्कृतिक व ऐतिहासिक प्रतीकों को विशेष महत्व दिया जा रहा है। अंतिम निर्णय सरकार के स्तर पर लिया जाएगा। शनिवार को नेपाल के प्रमुख न्यूज पोर्टल कान्तिपुर डेली और न्यूज यात्रा सहित कई नेपाली मीडिया संस्थानों ने इस खबर को प्रमुखता से स्थान दिया।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- बस्ती पुलिस ने दबोचा वांछित साइबर ठग अमन, ठगी के पैसों से खरीदता था सोने के सिक्के
भारत-नेपाल सीमा से सटे सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, बलरामपुर और बहराइच जैसे जिलों में नेपाल सरकार के नए एक रुपये के सिक्के को लेकर चर्चा भी तेज हो गई है। सीमा पार व्यापार, आवागमन और सामाजिक रिश्तों के कारण नेपाल से जुड़े ऐसे फैसलों पर सिद्धार्थनगर सहित सीमावर्ती जिलों में हमेशा विशेष नजर रहती है। वहीं भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि कालापानी, लिपुलेख और लिम्पियाधुरा उसके अभिन्न अंग हैं तथा सीमा संबंधी मतभेदों का समाधान द्विपक्षीय वार्ता के माध्यम से ही संभव है।