सिद्धार्थनगर में शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए अभेद्य घेरा, सीसी कैमरों से भी रहेगी नजर
सावन के पहले सोमवार पर इटवा के कटेश्वरनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों की निगरा ...और पढ़ें
-1785676123275_m.webp)
शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए अभेद्य घेरा।
HighLights
कटेश्वरनाथ मंदिर में सावन के पहले सोमवार की तैयारी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु पांच सीसीटीवी कैमरे लगाए गए।
पुलिस बल, बैरिकेडिंग और अलग कतारों की व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, इटवा। सावन के पहले सोमवार पर कटेश्वरनाथ मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र की निगरानी पांच सीसी कैमरों से की जाएगी। स्थानीय पुलिस के साथ बाहरी फोर्स और महिला पुलिसकर्मियों की भी पर्याप्त तैनाती रहेगी।
इटवा तहसील क्षेत्र के कटेश्वरनाथ, जिगना, बऊरहवा बाबा, बिस्कोहर तथा अहिरौली पड़री स्थित शिव मंदिरों में सोमवार को जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। सबसे अधिक भीड़ कटेश्वरनाथ मंदिर में होने की संभावना को देखते हुए रविवार को पार्किंग स्थल तैयार कराया गया तथा मंदिर परिसर में जगह-जगह बैरीकेडिंग की गई।
महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था भी की गई है, ताकि जलाभिषेक सुचारु रूप से हो सके। मंदिर के पुजारी बाबा पंकज गिरी ने बताया कि रात से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत पांच सीसी कैमरे लगाए गए हैं। इटवा थाने की पुलिस के अलावा 10 उपनिरीक्षक, 25 कांस्टेबल और 10 महिला आरक्षी बाहरी फोर्स के रूप में तैनात किए गए हैं।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंदिर तक आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पार्किंग स्थल मंदिर से कुछ दूरी पर बनाया गया है और पूरे मेला क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी।