विधायक जी के कामों का लेखा-जोखा : शोहरतगढ़ में स्टेडियम और अस्पताल तो मिले, पर बस अड्डा-फायर स्टेशन का अभी भी इंतजार
शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा के कार्यकाल में स्टेडियम, मछली मंडी और पीएचसी उच्चीकरण जैसे कई विकास कार्य हुए हैं, लेकिन बस अड्डा और फायर स्टेशन जैसे महत् ...और पढ़ें
-1784635518457_m.webp)
HighLights
स्टेडियम, मछली मंडी और पीएचसी उच्चीकरण जैसे कार्य पूरे हुए।
बस अड्डा और फायर स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण वादे अभी लंबित।
कुछ सड़कें बदहाल, स्वास्थ्य सेवाओं में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। वर्ष 2022 में पहली बार विधानसभा पहुंचे अपना दल (एस) के विधायक विनय वर्मा के कार्यकाल में शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास के कई बड़े दावे दिखाई देते हैं। स्टेडियम, मछली मंडी और बढ़नी पीएचसी के उच्चीकरण जैसी चुनावी घोषणाएं धरातल पर आगे बढ़ी हैं, लेकिन बस अड्डा और फायर स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण वादों का अब तक स्वीकृति की प्रतीक्षा में होना सवाल भी खड़ा करता है। कुछ प्रमुख सड़कों की बदहाली और स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण विकास की तस्वीर अभी पूरी नहीं कही जा सकती।
शोहरतगढ़ में स्टेडियम का निर्माण अंतिम चरण में है, जबकि करीब 4.60 करोड़ रुपये की लागत से मछली मंडी बनाई जा रही है। बढ़नी पीएचसी को सीएचसी के रूप में उच्चीकृत करने के लिए 19.60 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत हुई है और प्रथम किस्त के रूप में 9.60 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। तहसील के पास करीब 2.50 करोड़ रुपये की लागत से निबंधन कार्यालय लगभग तैयार है।
दो बारात घरों का चल रहा निर्माण
दो बारात घरों का निर्माण चल रहा है। लंबे समय से लंबित ढेकहरी-मधवापुर मार्ग पर शिलान्यास के बाद काम शुरू होना भी उपलब्धि के रूप में देखा जा सकता है। बढ़नी में आठ कमरों का विश्राम गृह तथा क्षेत्र में 15 अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण भी कराया गया है। विधायक निधि से करीब 17.50 करोड़ रुपये विद्यालयों में कक्षा-कक्ष, प्रतिमा, प्रवेश द्वार, सड़क, स्ट्रीट लाइट और ट्रांसफार्मरों से जुड़े कार्यों पर खर्च किए गए हैं।
35 से अधिक विद्यालयों को कक्षा-कक्ष निर्माण के लिए धन मिला है। इसके अलावा 40 हाईमास्ट लाइट, प्रमुख चौराहों पर सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था तथा 10 खुले व्यायामशालाओं की स्थापना कराई गई है। 25 गांवों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में करीब 35 करोड़ रुपये से बांधों की मरम्मत और कटानरोधी कार्य हुए हैं। विधायक के प्रस्तावों पर 200 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य होने का दावा भी है।
खबरें और भी
सड़क निर्माण के मोर्चे पर ढेकहरी चौराहे से बलरामपुर संपर्क मार्ग, बढ़नी समय माता स्थान से बैरिहवा, परा रेलवे स्टेशन से बोहली, जुगडिहवा से भाद मुस्तहकम और भटपुरवा से चेतिया समेत 20 से अधिक सड़कों का निर्माण कराया गया है, जबकि करीब 15 सड़कों पर काम चल रहा है। इसके विपरीत चिल्हिया से बरगदवा मोड़ तथा चेतिया मार्ग से अगया होते हुए ब्लॉक मुख्यालय जाने वाली सड़क की बदहाली विकास के इन दावों पर सवाल खड़ा करती है।
स्वास्थ्य सेवाओं में भी स्थिति मिश्रित है। बढ़नी में सीएचसी की स्वीकृति बड़ी उपलब्धि है, लेकिन शोहरतगढ़ सीएचसी पर महिला चिकित्सक की अनुपलब्धता से महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। गड़ाकुल में फायर स्टेशन और बढ़नी में बस स्टेशन का वादा भी अब तक पूरा नहीं हुआ है। विधानसभा में विधायक की उपस्थिति शत-प्रतिशत बताई गई है और उन्होंने क्षेत्र से जुड़े दस से अधिक प्रश्न उठाए हैं, हालांकि उनके नाम कोई विधेयक दर्ज नहीं है।
नियमित जनता दर्शन और क्षेत्र में उनकी सक्रिय मौजूदगी उनकी सकारात्मक छवि को मजबूत करती है, लेकिन कार्यकाल के शेष समय में बस स्टेशन, फायर स्टेशन, बदहाल सड़कों और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमियों को दूर करने की उनकी क्षमता ही विकास के दावों की वास्तविक कसौटी बनेगी।
सिद्धार्थनगर विधानसभा क्षेत्र पर एक नजर
- 312773 कुल मतदाता
- 172911 पुरुष मतदाता
- 139834 महिला मतदाता
चुनाव के समय जनता से किए अधिकांश वादों को पूरा करने की दिशा में ठोस काम हुआ है। स्टेडियम लगभग पूरा है, मछली मंडी का निर्माण तेजी से चल रहा है और बढ़नी पीएचसी को सीएचसी बनाने की स्वीकृति के साथ पहली किस्त जारी हो चुकी है। गड़ाकुल में फायर स्टेशन और बढ़नी में बस स्टेशन का प्रस्ताव कैबिनेट में लंबित है, जिसे जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। सवा चार वर्ष में क्षेत्र को छोटी-बड़ी मिलाकर करीब 250 सड़कें मिली हैं।
इनमें कई पूरी हो चुकी हैं और शेष पर काम चल रहा है। अन्य सड़कों के प्रस्ताव भी लगातार भेजे जा रहे हैं। सभी प्रस्ताव एक साथ स्वीकृत नहीं होते, इसलिए कुछ मार्ग शेष हैं। विधायक निधि से शिक्षा, सड़क, पुल-पुलिया, प्रकाश व्यवस्था और खुले व्यायामशालाओं को प्राथमिकता देते हुए 35 से अधिक विद्यालयों में कक्षा-कक्ष निर्माण के लिए धन दिया गया है। जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का समग्र विकास मेरी प्राथमिकता है। -विनय वर्मा, विधायक, शोहरतगढ़
शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में विकास के दावे धरातल पर दिखाई नहीं देते। सड़कें पहले की तरह आज भी जर्जर और बदहाल हैं। नदियों के कटान की समस्या जस की तस बनी हुई है। बरसात शुरू होते ही क्षेत्र के अनेक गांवों पर बाढ़ का संकट मंडराने लगता है।
महिलाओं के लिए पर्याप्त सार्वजनिक शौचालय तक नहीं बन सके हैं। शिक्षा और रोजगार के अवसरों का भी गंभीर अभाव है, जिसके कारण युवाओं को आजीविका के लिए बाहर पलायन करना पड़ता है। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है और लोगों को अब भी मूलभूत समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। -प्रेमचंद कश्यप, मुख्य प्रतिद्वंद्वी, विधानसभा चुनाव 2022
क्षेत्र में सड़क, प्रकाश व्यवस्था और अन्य विकास कार्य हुए हैं, लेकिन बढ़नी में बस स्टेशन का वादा अभी पूरा नहीं हुआ है। व्यापार और आवागमन की दृष्टि से इसकी बहुत जरूरत है। प्रस्ताव भेजने के साथ अब इसे जल्द धरातल पर उतारने की अपेक्षा है। -शैलेंद्र कौशल, नगर अध्यक्ष, व्यापार मंडल
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बांधों की मरम्मत और कटानरोधी कार्यों से कुछ राहत मिली है। कई सड़कें भी बनी हैं, लेकिन गांवों के तमाम संपर्क मार्ग अब भी बदहाल हैं। विकास तभी सार्थक होगा, जब दूरदराज के गांवों की समस्याओं पर भी समान ध्यान दिया जाए। -घनश्याम शुक्ल, किसान
विधायक निधि से विद्यालयों में कमरे एवं बड़े-बड़े हाल उपलब्ध कराना सराहनीय है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। विधायक ने स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए आवश्यक संसाधन बढ़ाने की दिशा में राज्यपाल से भी चर्चा की है। - रामबिलास यादव, शिक्षक
सड़क, स्वास्थ्य और बिजली के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, जिससे आमजन को सुविधाएं मिली हैं। अब तकनीकी शिक्षा के विस्तार पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। क्षेत्र में बेहतर तकनीकी शिक्षण संस्थान खुलने से युवाओं का कौशल निखरेगा। -संजय मित्तल, व्यापारी