भारतीय नेपाल जाकर क्यों भरवा रहे पेट्रोल-डीजल? लग रही लंबी-लंबी लाइनें
शोहरतगढ़ में पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत से लोग परेशान हैं, जिससे उन्हें घंटों कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। मजबूरन वे पड़ोसी देश नेपाल से अधिक ...और पढ़ें

भारत के पेट्रोल पंप पर लगी भीड़ - जागरण
HighLights
शोहरतगढ़ में पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत।
लोग नेपाल से अधिक दाम पर खरीद रहे ईंधन।
पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें, पुलिस को बुलाया।
जागरण संवाददाता, शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की किल्लत ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। तीन दिनों से अधिकांश पेट्रोल पंप सूखे पड़े हैं, जिससे वाहन चालकों को लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। परेशान लोग मजबूरी में पड़ोसी देश नेपाल जाकर अधिक कीमत पर ईंधन भरवा रहे हैं।
नेपाल में डीजल 146 रुपये और पेट्रोल 134 रुपये प्रति लीटर भारतीय मुद्रा में मिल रहा है। बावजूद इसके लोग वहीं से तेल लेने को विवश हैं। बुधवार सुबह जैसे ही अग्रवाल पेट्रोल पंप पर टैंकर पहुंचा, वाहनों की लंबी कतार लग गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी। पुलिस की मौजूदगी में वितरण कराया गया।
शादी-विवाह के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो गई है। बारात ले जाने वाले वाहन चालकों को विशेष परेशानी झेलनी पड़ रही है। वाहन चालकों शमशेर, गुड्डू, मेराज, सुहेल, बब्लू और करीम ने बताया कि कई दिनों से पंपों का चक्कर लगाने के बाद भी तेल नहीं मिल रहा। एसडीएम विवेकानंद मिश्रा ने बताया कि डिपो पर टैंकरों की लंबी कतार के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है। जल्द ही स्थिति सामान्य होगी।