Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सिद्धार्थनगर में रील बनाने के चक्कर में पानी की टंकी से गिरे किशोर, एक की मौत और दो गंभीर

    Updated: Sat, 02 May 2026 03:57 PM (IST)

    सिद्धार्थनगर की काशीराम कॉलोनी में रील बनाने के दौरान पानी की टंकी से गिरने से 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दो ...और पढ़ें

    HighLights

    1. रील बनाने के दौरान पानी की टंकी से गिरे किशोर।

    2. एक 13 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत, दो घायल।

    3. दो किशोर अभी भी टंकी पर फंसे, एसडीआरएफ टीम बुलाई।

    जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। शहर के काशीराम आवासीय कॉलोनी में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में पानी की टंकी से गिरकर 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, दो किशोर टंकी के ऊपर ही फंसे हुए हैं। सीढ़ी टूट जाने के कारण वे नीचे नहीं उतर पा रहे हैं। प्रशासन उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

    जानकारी के अनुसार, पांच किशोर पानी की टंकी पर रील बनाने के उद्देश्य से चढ़ गए थे। रील बनाने के बाद जब वे नीचे उतरने लगे तो जल्दबाजी में तीन किशोर एक साथ सीढ़ी पर आ गए। इसी दौरान टंकी की सीढ़ी टूट गई और तीनों सीधे नीचे गिर पड़े। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।

    चिकित्सकों ने 13 वर्षीय सिद्धार्थ पुत्र धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वह मोहाना थाना क्षेत्र के झूलनीपुर का निवासी था और काशीराम कॉलोनी में अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ था। घायल किशोरों में 11 वर्षीय शनि पुत्र बरसाती और 14 वर्षीय गोलू पुत्र चंद्रेश शामिल हैं। दोनों के सीने में गंभीर चोटें आई हैं और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

    वहीं, 16 वर्षीय पवन पुत्र मिथलेश और 14 वर्षीय कल पुत्र जमीरुद्दीन टंकी के ऊपर ही फंसे हुए हैं। सीढ़ी टूटने के कारण उनके नीचे उतरने का कोई रास्ता नहीं बचा है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन पर्याप्त संसाधन न होने के कारण उन्हें नीचे उतारने में सफलता नहीं मिल सकी।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में बारात से लौट रही DJ पिकअप पलटी, चालक को झपकी आने से एक की मौत, पांच घायल

    घटना की सूचना पर जिलाधिकारी शिव शरण अप्पा और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने तत्काल गोरखपुर से एसडीआरएफ टीम को बुलाया है, जो रास्ते में है।

    प्रशासन का कहना है कि टीम के पहुंचते ही दोनों फंसे किशोरों को सुरक्षित नीचे उतार लिया जाएगा। घटना के बाद कॉलोनी में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस हादसे को लेकर बेहद व्यथित हैं और प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।