सिद्धार्थनगर में दिन में चढ़ा पारा, रात में बारिश और ठंडी हवाओं से मिली राहत
सिद्धार्थनगर में दिन की गर्मी के बाद शाम को मौसम बदला और गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को राहत मिली। हालांकि, मौसम विभाग ने मई के दूसरे सप्ताह ...और पढ़ें

HighLights
जिलेभर में शाम ढलते बदला मौसम, गरज-चमक के साथ कई क्षेत्रों में हुई वर्षा
दो दिन बाद फिर बढ़ेगी गर्मी, मई के दूसरे सप्ताह में लू चलने के आसार
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। सुबह से निकली तेज धूप और बढ़ती उमस ने बुधवार को लोगों को गर्मी का अहसास करा दिया, लेकिन शाम ढलते ही मौसम ने अचानक करवट बदल ली। जिलेभर में तेज ठंडी हवाएं चलीं और रात होते-होते कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली और देर रात तक वातावरण सुहाना बना रहा।
पिछले करीब एक सप्ताह से जिले में मौसम लगातार बदल रहा है। बीच-बीच में आंधी और बारिश के चलते तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। बुधवार सुबह से ही चटक धूप निकलने के कारण लगा कि अब गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। दोपहर तक पारा चढ़ने लगा और उमस भी महसूस हुई। हालांकि शाम करीब पांच बजे अचानक आसमान में बादल छा गए। इसके बाद तेज हवाएं चलने लगीं और रात में गरज-चमक के साथ वर्षा शुरू हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 28.1 और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस था। दिन में तापमान बढ़ने के बावजूद रात में मौसम ठंडा बना रहा।
राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव बना हुआ है। गुरुवार को भी बादलों की आवाजाही और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद मौसम शुष्क होगा और तापमान में प्रभावी बढ़ोतरी शुरू हो जाएगी। मई के दूसरे सप्ताह में लू चलने के भी आसार हैं।
खबरें और भी
पिछले एक सप्ताह के दौरान का तापमान
| दिनांक | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
|---|---|---|
| 6 मई | 32.4 | 21.8 |
| 5 मई | 28.1 | 22.5 |
| 4 मई | 28.5 | 22.2 |
| 3 मई | 30.2 | 22.9 |
| 2 मई | 31.5 | 23.2 |
नोट, तापमान डिग्री सेल्सियस में है।