यूपी का वो जिला जहां 50 से अधिक पंपों पर खत्म हो गया तेल, कहीं 2 घंटे का इंतजार तो कहीं लटका ताला
सिद्धार्थनगर जिले में 122 में से लगभग 60 पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी है, जिससे लोगों को तेल के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। प्रशासन ने जल्द आपूर ...और पढ़ें

HighLights
जिले के 60 पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी।
इटवा में पेट्रोल पंप पर भीड़ से लगा लंबा जाम।
आपूर्ति बहाल करने का प्रशासन ने दिया आश्वासन।
जागरण संवाददाता, सिद्धार्थनगर। जिले के 122 पेट्रोल पंपों में से लगभग 60 पंपों पर ईंधन की कमी बनी हुई है। 50 से अधिक पंप ड्राई हो गए हैं, जहां थोड़ा बहुत तेल उपलब्ध है, वहां सुबह से ही लंबी कतार लग रही है। लोगों को अपनी बारी के लिए घंटों प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग विशेष रूप से परेशान दिखे।
फिलहाल, प्रशासन की निगरानी के बावजूद ईंधन संकट आमजन के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। लोगों को संयम बनाए रखने की सलाह दी जा रही है, वहीं आपूर्ति सामान्य होने की प्रतीक्षा भी बनी हुई है।
जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तीनों प्रमुख तेल कंपनियों से वार्ता की गई है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आपूर्ति बहाल की जाएगी और ईंधन से भरे वाहन भेजे जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि शाम तक स्थिति में कुछ सुधार दिख सकता है।
पेट्रोल पंप पर उमड़ी भीड़, सड़क पर डेढ़ घंटे जाम
इटवा: इटवा-डुमरियागंज मार्ग स्थित पेट्रोल पंप पर मंगलवार को डीजल-पेट्रोल मिलना शुरू हुआ तो सैकड़ों की भीड़ उमड़ पड़ी।
पंप परिसर से निकलकर वाहनों की लंबी कतार सड़क तक पहुंच गई और देखते ही देखते जाम की स्थिति बन गई। पंप से इटवा चौराहा और कमदा तक वाहनों की लाइन लग गई, जिससे करीब डेढ़ से दो घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।
तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच जाम में फंसे लोग बेहाल नजर आए। दोपहिया, बस और ट्रक सवारों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी। जिन वाहनों में शीतलन की सुविधा थी, उन्हें कुछ राहत रही, लेकिन अन्य लोग गर्मी से जूझते रहे।
खबरें और भी
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारु कराने का प्रयास शुरू किया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े करने के कारण जाम की समस्या उत्पन्न हुई। पुलिस की सक्रियता से धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो सकी।
दस दिन बाद पहुंचा तेल, पंपों पर मची मारामारी
औराताल : क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल संकट गहराता जा रहा है। अधिकांश पेट्रोल पंप सूखे पड़े हैं और कहीं-कहीं दस-दस दिन बाद तेल पहुंच रहा है। कठवतिया आलम स्थित श्री श्याम किसान सेवा केंद्र पर सोमवार रात तेल पहुंचा तो मंगलवार सुबह से ही भारी भीड़ जुट गई। वितरण शुरू होते ही लोग उतावले हो उठे, जिससे अफरातफरी की स्थिति बन गई।
क्षेत्र के पांच पंपों में से अधिकांश पर तेल समाप्त है। बेदौलागढ़, मोतीगंज और उपधी के पंपों पर भी तेल न होने से उपभोक्ता परेशान हैं। विवाह के मौसम में लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। कई लोग घंटों लाइन में लगकर भी निराश लौट रहे हैं। लाइन में लगे लोगों ने बताया कि रिश्तेदारी में कार्यक्रम हैं, लेकिन तेल के बिना जाना मुश्किल हो रहा है। पूर्ति निरीक्षक मुकेश कुमार ने कहा कि उपभोक्ताओं द्वारा अतिरिक्त भंडारण करने से भी संकट गहरा रहा है।