सिद्धार्थनगर में ओवरटेक करने के चक्कर में ट्रक ने मारा मां-बेटे को ठोकर, मौत
सिद्धार्थनगर के चौखड़ा में ओवरटेक के दौरान एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे मां और उसके दो वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका पांच माह क ...और पढ़ें
-1780199767423_m.webp)
दो वर्षीय बेटे संग जा रही थी महिला। जागरण
HighLights
ओवरटेक करते ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर।
मां और दो वर्षीय बेटे की मौके पर मौत।
मृतका पांच माह की गर्भवती थी, ट्रक जब्त।
संवाद सूत्र, भनवापुर, (सिद्धार्थनगर)। ओवरटेक करने के चक्कर में शनिवार दोपहर एक ट्रक ने बाइक को ठोकर मार दिया। इससे बाइक सवार मां व उसके दो वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका गर्भ से थी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डुमरियागंज थाना क्षेत्र के कठौतिया गांव निवासी 42 वर्षीय दुर्गावती पत्नी दिनेश साहनी शनिवार को अपने भाई रिंकू के साथ बाइक से ढेबरुआ थाना क्षेत्र स्थित मायके खैरा शीतला प्रसाद जा रही थीं। उनके साथ उनका दो वर्षीय पुत्र पल्लू भी था।
दोपहर करीब डेढ़ बजे वे इटवा थाना क्षेत्र के चौखड़ा स्थित राजकीय महाविद्यालय के सामने पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। ट्रक की चपेट में आने से दुर्गावती और उनके पुत्र पल्लू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे रिंकू को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर में स्टे आदेश के बावजूद गिरफ्तारी: इटवा थाना प्रभारी पर कार्रवाई, पांच लाख मुआवजा
पुलिस ने घायल को उपचार के लिए भेजने के साथ दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के ससुर रंपत ने बताया कि दुर्गावती पांच माह के गर्भ से भी थीं।
खबरें और भी
प्रभारी निरीक्षक इटवा संजय मिश्र ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मृतका के जेठ चंद्रशेखर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।