अजय राय का भाजपा पर हमला, अयोध्या को अशुद्ध करने और विध्वंस की राजनीति का आरोप
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा पर अयोध्या को अशुद्ध करने और विध्वंस की राजनीति करने का आरोप लगाया। ...और पढ़ें

HighLights
भाजपा ने अयोध्या को अशुद्ध किया, अब शुद्धि हवन।
भाजपा विध्वंस की राजनीति कर रही, स्कूल-विश्वविद्यालय गिरा रही।
पेपर लीक से छात्रों का भविष्य बर्बाद, कांग्रेस साथ।
जागरण संवाददाता, सीतापुर। भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने मिलकर चंदा चोरी करके अयोध्या को अशुद्ध किया है। अब शुद्धि हवन की बात की जा रही है। अयोध्या हो या फिर नैमिषारण्य। इन दोनों तीर्थ स्थलों के ट्रस्ट में साधु-संत रहने चाहिए। यह बातें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सांसद निवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में कहीं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विध्वंस की राजनीति कर रही है। सीतापुर में मेथेडिस्ट जूनियर हाईस्कूल परिसर में भवन गिरा दिया गया। रामपुर के जौहर विश्वविद्यालय के भवन को गिराने की कवायद चल रही है। भाजपा सरकार एक भी विश्वविद्यालय और विद्यालय नहीं बनवा पा रही है। सिर्फ गिराने का काम कर रही है। इतना ही नहीं पेपर लीक करके छात्र-छात्राओं का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है।
भाजपा सरकार में अब तक 152 पेपर लीक की घटनाएं हो चुकी हैं। इससे साढ़े सात करोड़ छात्र-छात्राओं का जीवन अंधकार में चला गया है। कहा, इस सरकार में अधिकारी बेलगाम हैं। जनता का शोषण कर रह हैं। खैराबाद के चिलवारा गांव के शैलेंद्र पाल को एपीटीसी के कमांडेंट ने इस कदर परेशान किया कि उसने सल्फास खाकर जान दे दी।
कांग्रेस की सरकार आई तो फ्री होल्ड होंगी जमीन
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर जिन नजूल की जमीनों पर सार्वजनिक संस्थाएं चल रही है, उन्हें फ्रीहोल्ड कर दिया जाएगा। किसी भवन को गिराया नहीं जाएगा।
सोनम वांगचुक छात्र-छात्राओं के लिए लड़ रहे लड़ाई
पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर धरना दे रहे सोनम वांगचुक छात्र-छात्राओं के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। गृह मंत्री अमित शाह की पुलिस ने वांगचुक को उठा लिया है। कांग्रेस वांगचुक के साथ है।