विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 07, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'भगवान के अस्तित्व को चुनौती देना विपक्षी नेताओं का बन गया फैशन', मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र में बोले सीएम योगी

Published: Tue, 07 May 2024 04:04 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीजेपी की डबल इंजन की सरकार ने नैमिषारण्य के विकास के लिए विभिन्न कार्य ...और पढ़ें

'भगवान के अस्तित्व को चुनौती देना विपक्षी नेताओं का बन गया फैशन', मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र में बोले सीएम योगी
'भगवान के अस्तित्व को चुनौती देना विपक्षी नेताओं का बन गया फैशन', मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र में बोले सीएम योगी

जागरण संवाददाता, सीतापुर। भारत की सनातन संस्कृति को गाली देना, देश की सत्ता को चुनौती देना, प्रभु राम और कृष्ण के अस्तित्व को चुनौती देना आजकल विपक्षी नेताओं के लिए एक फैशन सा बन गया है। जब विनाश काले विपरीत बुद्धि होती है तो लोग ऐसा ही करते हैं। उन्हे मालूम होना चाहिये कि ये धरती ऋषियों और सनातनियाें की है।

वह केवल यज्ञ हवन तक ही सीमित नहीं थे, बल्कि विपत्ति आने पर राक्षसों का नरसंहार भी करते थे। ऐसे में प्रभु राम और कृष्ण पर सवाल खड़ा करने वालों को हम कैसे स्वीकार कर सकते हैं। देश की जनता वोट की चोट के जरिये इसका हिसाब देगी। आज दुनिया सीतापुर और उत्तर प्रदेश की तरफ देख रही है क्योंकि जब कोई रामद्रोही राम के अस्तित्व को नकारने का प्रयास करता है तो नैमिष सामने आ खड़ा होता है।

वह अपने शास्त्रीय प्रमाण से प्रभु राम और कृष्ण के अस्तित्व को प्रकट करता है। यह साहस केवल नैमिषारण्य की धरती ही कर सकती है। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने लोकसभा प्रत्यशी अशोक रावत के पक्ष में वोट की अपील की।

सीएम ने अयोध्या का किया जिक्र

प्रभु की सत्ता पर विश्वास करने वाला ही देश की आस्था का सम्मान कर सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीजेपी की डबल इंजन की सरकार ने नैमिषारण्य के विकास के लिए विभिन्न कार्य किये हैं, जो आपको दिखने लगे हैं। आज अयोध्या जिस तरह से नई नजर आ रही है, वैसे ही नैमिषारण्य का भी नया स्वरुप सबके सामने है। यहां पर वायु सेवा और इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने जा रही है।

वहीं यात्रियों के लिए विश्रामालय बनने वाले हैं। सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या, काशी और मां विंध्यवासिनी धाम की तरह मां ललिता धाम का भी पुनरोद्धार और सुंदरीकरण किया जा रहा है। इससे यहां के नौजवानों और व्यापारियों के लिए नये रोजगार का सृजन होगा। यह कार्य केवल वही कर सकता है, जो प्रभु की सत्ता पर विश्वास करता हो। यह काम भगवान राम और कृष्ण को नकारने वाले नहीं कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश नये भारत का दर्शन कर रहा है। सीएम योगी ने कहा कि आज तीसरे चरण का मतदान हो रहा है जबकि दो चरण में मतदान संपन्न हो चुके हैं। आज के मतदान के बाद आधा चुनाव संपन्न हो चुका होगा और देश में एक ही आवाज अबकी बार 400 पार की सुनायी दे रही है क्योंकि हमने बदलते हुए भारत को देखा है। आज नया भारत आतंकवाद के सामने घुटने नहीं टेकता है बल्कि उसका राम नाम सत्य कर देता है।

'आतंकवाद का समर्थन करने वालों को करना है गायब'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सीतापुर में सबसे अधिक शौचालय और उज्जवला योजना के तहत फ्री गैस कनेक्शन दिये गये हैं। ऐसे में मैं सभी को आश्वस्त करता हूं कि जो लोग गरीब कल्याणकारी योजनाएं से छूट गये हैं उन्हे चुनाव के बाद सुविधा दी जाएगी। यह मोदी की गारंटी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आह्वान किया कि इस बार ऐसी वोट की चोट करिये ताकि आतंकवाद और माफिया का समर्थन करने वाले हमेशा के लिए भारत की चुनाव प्रक्रिया से गायब हो जाएं।

वह दोबारा चुनाव लड़ने की हिम्मत ही न कर पाएं। यह चुनाव केवल चुनाव नहीं है बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए चुनाव है। ऐसे में हमे तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है और अबकी बार 400 पार का लक्ष्य प्राप्त करना है। इस अवसर पर बीजेपी के क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र, जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, विधायक रामकृष्ण भागर्व, आशीष सिंह आशू, अलका रघुवंशी, एमएलसी पवन सिंह चौहान आदि उपस्थित थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।