सीतापुर में नशे के लिए नहीं मिले पैसे तो बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट, घर से निकलकर बोला- 'मां मर गई'
सीतापुर के मानपुर में एक नशेड़ी बेटे ने डंडे से पीट-पीटकर अपनी मां की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। ...और पढ़ें

शिव कुमारी, फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, सीतापुर। मानपुर के कटरा गांव में बुधवार को नशे में धुत युवक ने मां को डंडे से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद घर से बाहर निकलकर बोला मां मर गई। झोपड़ी में आराम फरमाने लगा। ग्रामीण घर पहुंचे तो महिला लहूलुहान हाल में मिली। आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, उससे पूछताछ की जा रही है।
कटरा गांव में शिव कुमारी पत्नी श्यामलाल का मकान बना है। बुधवार की सुबह नौ बजे शिव कुमारी का बड़ा पुत्र हरेंद्र कुमार घर से नशे में धुत होकर बाहर निकला और बोला उसकी मां मर गई है। इसके बाद वह सामने झोपड़ी में जाकर लेट गया।
ग्रामीणों को उसकी बात पर कुछ शक हुआ तो अंदर जाकर देखा शिव कुमारी लहूलुहान पड़ी थी। सिर पर चोट के निशान थे। खून लगी लाठी भी पड़ी थी। लोगों की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची। हरेंद्र को हिरासत में ले लिया। आरोपित नशे में अधिक था, इससे वह सही से बोल भी नहीं पा रहा था। पुलिस उसे लेकर थाने चली गई।
पैसे की मांग पूरी न करने पर हत्या की आशंका
शिव कुमारी के छोटे पुत्र अशोक कुमार ने बताया कि उसके पिता श्यामलाल की करीब ढाई माह पूर्व बीमारी से मृत्यु हो गई थी। बड़ा भाई नशे का आदी है, वह कोई काम भी नहीं करता। संभवत: वह नशे के लिए पैसे की मांग कर रहा होगा। पैसा न देने पर उसने हत्या कर दी। बताया सुबह ही भाई ने हत्या की है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री योगी ने सीतापुर के मेधावियों को किया सम्मानित, एक लाख रुपये, टैबलेट और मेडल मिला
सिर में गंभीर चोट से हुई मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से हुई है। सिर में कई जगह चोट के गहरे निशान मिले हैं। जिससे सिर की हड्डी टूट गई। अधिक रक्तस्राव मौत का कारण बना।
आरोपित हरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार वह नशे का आदी है। प्रथम दृष्टया उसने डंडे से पीटकर मां की हत्या की है। भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा लिखा गया है। उससे पूछताछ चल रही है। आरोपित को जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।
आशुतोष मिश्र, थानाध्यक्ष मानपुर