कांवड़ यात्रा से सीतापुर में गैस संकट: घरों में पीएनजी ठप, पंपों पर सीएनजी नहीं
सीतापुर में कांवड़ यात्रा के कारण शाहजहांपुर में वाहन रोके जाने से पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति ठप हो गई, जिससे हजारों उपभोक्ता और आठ सीएनजी पंप प्रभावित हुए।

HighLights
कांवड़ यात्रा से सीतापुर में पीएनजी, सीएनजी आपूर्ति बाधित हुई।
हजारों घरों में पीएनजी ठप, आठ सीएनजी पंप सूखे पड़े।
जिलाधिकारी के हस्तक्षेप से पीएनजी आपूर्ति आंशिक रूप से बहाल हुई।
जागरण संवाददाता, सीतापुर। शाहजहांपुर में कांवड़ यात्रा के चलते पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) और कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) सप्लाई शनिवार आधी रात से ठप हो गई। सीएनजी न मिलने से आठ पंप ड्राई हो गए। पीएनजी की सप्लाई बंद होने से शहर के करीब साढ़े सात हजार उपभोक्ताओं को समस्या हुई।
पंप पर सीएनजी न मिलने से लोगों को अपने वाहनों में मजबूरन पेट्रोल भराना पड़ा। हालांकि, जिलाधिकारी डाॅ. राजा गणपति आर के हस्तक्षेप के बाद शाहजहांपुर से दो वाहन छोड़ दिए गए। इसके बाद सुबह 11 बजे तक पीएनजी की सप्लाई चालू हो सकी।
सीएनजी न मिलने से लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के अधिकारी जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की बात कह रहे हैं।
श्यामनाथ मुहल्ले की श्वेता मिश्र ने बताया कि रविवार सुबह उन्होंने किचन में नाश्ता तैयार करने के लिए रेगुलेटर आन किया तो सप्लाई नहीं आ रही थी। आसपास के लोगों के यहां पूछा तो उनके यहां भी ऐसी ही समस्या थी। टोल फ्री नंबर पर संपर्क किए जाने पर सप्लाई बंद होने की जानकारी मिली।
पूर्णागिरिनगर के मान सिंह ने बताया कि घर में गैस सिलेंडर भी नहीं है। अब आसपास के लोगों से सिलेंडर के बारे में जानकारी कर रहे हैं। मुहल्ले की निधि ने बताया कि इलेक्ट्रिक चूल्हे पर भोजन तैयार किया है। इसमें काफी समय लग गया है।
लखनऊ मार्ग पर बिसवां की ओर से आ रहे विवेक ने बताया कि कई पंपों पर सीएनजी के लिए संपर्क किया, जब नहीं मिल सकी तो पेट्रोल भराया है। मनोज ने भी यही समस्या बताई।
सर्विस रेगुलेटर सही करने में लगा समय
घर-घर पीएनजी की सप्लाई सही करने में कंपनी के कर्मचारियों को काफी समस्या हुई। 400 घरों पर एक सर्विस रेगुलेटर लगा होता है। सप्लाई चालू करने पर वह ट्रिप कर रहा था, जिसे मौके पर पहुंचकर ही सही किया जा सका। इसके चलते समाधान में समय लग गया।
गैस एजेंसी पर बढ़ा भार
अचानक घरों में सप्लाई बंद होने से लोगों को सिलेंडर भराने के लिए एजेंसी पर जाना पड़ा। अचानक संख्या बढ़ने से एजेंसी के बाहर भीड़ भी दिखाई दी। कई लोगों ने तो अतिरिक्त सिलेंडर भी ले लिया है।
पीएनजी व सीएनजी के वाहन शाहजहांपुर में पुलिस ने रोक दिए थे। पहले हमने स्वयं बात की, लेकिन सटीक जवाब नहीं मिला। इसके बाद जिलाधिकारी को जानकारी दी गई। उनके प्रयास के वाहन छोड़ दिए गए हैं। करीब तीन घंटे सप्लाई बंद रही।
-विवेक सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, बीपीसीएल
यह भी पढ़ें- मैनपुरी में पीएनजी सप्लाई बाधित, 100 से अधिक घरों में नहीं जले चूल्हे; सिलिंडर को भटके लोग
