UP: हादसे में मौत के बाद भी नहीं जागा रेलवे विभाग, सीतापुर में रेलवे क्रॉसिंग का रास्ता बना जानलेवा
सीतापुर के मधवापुर और जैतीखेड़ा रेलवे क्रॉसिंग पर डामर गायब होने से राहगीर लगातार चोटिल हो रहे हैं, सितंबर में एक युवक की मौत भी हुई थी।

मधवापुर और जैतीखेड़ा रेलवे क्रॉसिंग पर डामर गायब
HighLights
सीतापुर रेलवे क्रॉसिंग पर डामर गायब, राहगीर चोटिल।
सितंबर में बाइक फिसलने से एक युवक की मौत हुई।
रेलवे अधिकारी ने जल्द डामरीकरण का आश्वासन दिया।
संवाद सूत्र, रामकोट (सीतापुर)। सीतापुर-बालामऊ रेलखंड के मधवापुर व जैतीखेड़ा रेलवे क्रॉसिंग पर पटरियों के पास का डामर गायब हो गया है। इससे क्रॉसिंग पर निकलने के दौरान राहगीर चोटिल हो रहे हैं। सितंबर में एक युवक की बाइक फिसलने से मौत हो गई थी। इसके बावजूद रेलवे की ओर से समस्या की अनदेखी की जा रही है।
मधवापुर मार्ग पर अधिक यातायात रहता है। सीतापुर जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग से निकलते हैं। इस मार्ग पर कई शिक्षण संस्थान भी है। जैतीखेड़ा मार्ग से भी करीब दस गांव के लोगों का आवागमन होता है। पूर्व में रेलवे की ओर से क्रॉसिंग पर पटरी को बदला गया था। रेलवे अधिकारी समस्या को अनदेखा कर रहे हैं। राहगीर संतोष कुमार ने बताया कि क्रासिंग से बहुत संभलकर निकलना पड़ रहा है। जरा सी लापरवाही चोटिल कर सकती है।
मनोज ने बताया कि पटरी बदलने के बाद तत्काल डामर डाल देना चाहिए था। रेलवे की ओर से ऐसा नहीं किया गया। सीतापुर-मिश्रिख मार्ग की क्रासिंग पर तो डामर डाल दिया गया है, लेकिन इसे छोड़ दिया गया। सेक्शन इंजीनियर रेल पथ बालामऊ पवन कुमार ने बताया कि शीघ्र ही क्रॉसिंग पर डामरीकरण करवाया जाएगा।
अक्सर गिरते और घायल होते हैं राहगीर
सितंबर में मिश्रिख निवासी बाइक सवार युवक फिसलकर गिर गया था। उसकी बाद में अस्पताल में मौत हो गई थी। पिछले माह पिपरी निवासी सुनील बाइक समेत गिरकर चोटिल हो गए थे। धर्मपुर के अजय कुमार मंगलवार को गिर गए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।