रिहंद बांध के केज कल्चर परियोजना में मिली भारी अनियमितता, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद सख्त
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने सोनभद्र के रिहंद बांध पर केज कल्चर परियोजना का औचक निरीक्षण किया। उन्हें परियोजना में गंभीर अनियमितताएं मिलीं, जिसमें धन ...और पढ़ें

रिहंद बांध केज कल्चर में भारी गड़बड़ी, मंत्री संजय निषाद ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र (रेणुकूट) l उत्तर प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री संजय निषाद शुक्रवार को सोनभद्र जनपद के पिपरी स्थित रिहंद बांध पहुंचे, जहां उन्होंने केज कल्चर परियोजना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें परियोजना में गंभीर अनियमितताएं मिलीं, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री का काफिला दोपहर करीब 11 बजे डोंगियानाला स्थित रिहंद जलाशय पहुंचा। वहां से उन्होंने नाव के जरिए मछली पालन के लिए लगाए गए केज का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। मंत्री ने बताया कि केज कल्चर परियोजना में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में केंद्र सरकार द्वारा लगाए गए केज को भी नया दिखाकर धनराशि का दुरुपयोग किया गया है।
इसके अलावा लाभार्थियों के नाम पर भेजी गई सरकारी राशि भी उनसे वापस लेकर एक ही व्यक्ति को फायदा पहुंचाया जा रहा है, जिससे सरकार की मंशा पूरी नहीं हो पा रही है। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कई केज में मछली पालन नहीं हो रहा है और उनमें काई जमी हुई है, जो लापरवाही और भ्रष्टाचार का स्पष्ट संकेत है। मंत्री ने कहा कि इस पूरे मामले में छोटे से लेकर बड़े स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
निरीक्षण के बाद वापसी के दौरान कैबिनेट मंत्री संजय निषाद रेणुकूट बाजार में योजना की लाभार्थी पूजा देवी के घर पहुंचे। यहां पूजा देवी ने मंत्री को बताया कि उनके खाते में 90 हजार रुपये आए थे, लेकिन विभाग के ही लोग दबाव बनाकर पूरी राशि वापस मांग रहे हैं और उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया जा रहा है। इस पर मंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए पिपरी थाने के क्राइम इंस्पेक्टर हरेंद्र यादव को निर्देशित किया कि विभाग के सभी लाभार्थियों की सूची तैयार कर उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी के साथ कोई गलत व्यवहार न हो।
खबरें और भी
इसके अलावा एक अन्य लाभार्थी निर्मला देवी ने भी मंत्री को बताया कि उन्हें योजना का लाभ सही तरीके से नहीं मिल पा रहा है। वहीं योजना के लिए आवेदन कर चुके अनुज अग्रवाल ने भी शिकायत की कि आवेदन करने के बावजूद उन्हें विभाग द्वारा योजना का लाभ नहीं दिया गया। इस दौरान लखनऊ से आए विभागीय अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। साथ ही अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रमेश कुमार, उप जिलाधिकारी निखिल यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्ष पांडे, सहायक निदेशक मत्स्य आर.के. श्रीवास्तव, मत्स्य निरीक्षक राकेश ओझा, क्राइम इंस्पेक्टर हरेंद्र यादव समेत अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।