सोनभद्र में सराफा कारोबारी से आभूषण का लुटेरा मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
सोनभद्र में सराफा कारोबारी कुलधीर कुमार से लूट के आरोपी पंकज शाह को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इनामी बदमाश के पैर में गोली लगी है, और प ...और पढ़ें

सोनभद्र में सराफा लूट का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, लाखों के आभूषण बरामद।
HighLights
सोनभद्र में सराफा कारोबारी से लूट का आरोपी गिरफ्तार।
इनामी बदमाश पंकज शाह पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ।
पुलिस ने 62 लाख से अधिक के आभूषण बरामद किए।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के चपकी गांव निवासी सराफा कारोबारी कुलधीर कुमार से करीब 15 दिन पूर्व आभूषण की हुई लूट के आराेप में पुलिस ने रविवार की देर रात एक व्यक्ति को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिला के बैढन थाना क्षेत्र के धूरीताल गांव निवासी आरोपित 25 हजार रुपये का इनामी पंकज शाह के दाहिने पैर में गोली लगी जिससे वह लड़खड़ा कर गिर गया।
पुलिस ने उसके लूट का बैग, करीब 62 लाख 22 हजार पांच सौ रुपये कीमत का भारी मात्रा में आभूषण, तमंचा व बाइक बरामद किया है। उस पर यूपी और एमपी में आठ मुकदमें दर्ज हैं। उसका साथी बरगवां गांव निवासी संजय साकेत अंधेरे का लाभ लेकर फरार हो गया। इस मामले में दो आरोपित पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सोमवार की शाम पुलिस लाइन चुर्क में पत्रकार वार्ता में गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्हाेंने बताया कि देर रात बभनी थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद सरोज एसओजी टीम व थाना दुद्धी पुलिस अरझट पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन की जांच कर रही थी। तभी शीशटोला से रघुनाथनगर (छत्तीसगढ़) की तरफ बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए।
पुलिस ने इशारा के बाद भी वे नहीं रूके और भागते समय बरसात के कारण सड़क किनारे फिसलकर गिर गए। इसके बाद दोनों झाड़ियों की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पंकज साह के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी संजय साकेत फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
खबरें और भी
घायल को सीएचसी बभनी में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में आरोपित पंकज ने बताया कि उसने अपने साथियों संजय साकेत, मनोज साकेत व रमेश साकेत के साथ मिलकर सराफा व्यापारी से लूट की थी। लूटा गया सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग जंगल में छिपा दिया था। लूटी गई नकदी चारों ने आपस में बांट ली थी। आरोपित के कब्जे से 1,500 रुपये नकद, निशानदेही पर लूट का बैग बरामद हुआ है।
बता दें कि 18 जुलाई को चपकी निवासी कुलधीर कुमार ने सूचना दी थी कि वह रघुनाथनगर (छत्तीसगढ़) के साप्ताहिक बाजार से आभूषण विक्रय कर वापस लौट रहा था। शाम करीब साढ़े छह बजे शीशटोला जंगल के पास मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उसकी बाइक रोककर चाकू से हमला किया और सोने-चांदी के आभूषण व करीब 40 हजार रुपये नकद से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे।