सोनभद्र में स्कूली बच्चों को आटो से ढोना पड़ा महंगा, पांच वाहन सीज किए गए
सोनभद्र में परिवहन विभाग ने क्षमता से अधिक स्कूली बच्चों को ढोने वाले ऑटो चालकों पर सख्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान पांच ऑटो सीज किए गए और 10 वाहनों ...और पढ़ें

सोनभद्र में स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर परिवहन विभाग सख्त, पांच ऑटो सीज।
HighLights
परिवहन विभाग ने सोनभद्र में विशेष अभियान चलाया।
क्षमता से अधिक बच्चों को ढोने वाले पांच ऑटो सीज।
अभिभावकों से सुरक्षित वाहनों के उपयोग की अपील की।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। स्कूली बच्चों को क्षमता से अधिक संख्या में आटो और टोटो से ढोने वाले वाहन चालकों के खिलाफ शुक्रवार को परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई की। एआरटीओ सुधा के नेतृत्व में नगर क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर पांच आटो को सीज कर दिया गया, जबकि 10 वाहनों का चालान किया गया।
कार्रवाई से वाहन चालकों में अफरातफरी का माहौल रहा। जांच के दौरान कई आटो और टोटो में निर्धारित क्षमता से अधिक स्कूली बच्चे बैठे मिले। कुछ वाहनों में सुरक्षा मानकों की भी अनदेखी पाई गई। एआरटीओ ने वाहन चालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बिना आवश्यक दस्तावेज, फिटनेस या नियमों के विपरीत स्कूली बच्चों का परिवहन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। एआरटीओ ने अभिभावकों से भी अपील की कि वह अपने बच्चों को केवल अधिकृत एवं सुरक्षित वाहनों से ही स्कूल भेजें। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए विभाग लगातार ऐसे वाहनों पर नजर रख रहा है। परिवहन विभाग ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।