सिंगरौली की नगर निगम आयुक्त ने सिर मुंडवाया, कहा- सुंदरता नहीं आत्मविश्वास है असली पहचान
सिंगरौली नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने सिर मुंडवाकर सामाजिक सोच को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि असली सुंदरता आत्मविश्वास में है न कि बाहरी रूप-रंग ...और पढ़ें

HighLights
आयुक्त सविता प्रधान ने सिर मुंडवाकर सामाजिक बहस छेड़ी।
उन्होंने सुंदरता को आत्मविश्वास और क्षमता से जोड़ा।
महिलाओं की बाहरी सुंदरता पर बनी रूढ़ियों को चुनौती दी।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। सिंगरौली नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान के सिर मुंडवाने के बाद इंटरनेट मीडिया पर विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
शनिवार रात उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बिना बालों वाली अपनी तस्वीरें साझा की जिसके बाद कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं।
बढ़ती प्रतिक्रियाओं के बीच रविवार को उन्होंने स्वयं सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उनके इस निर्णय का किसी पारिवारिक शोक या व्यक्तिगत दुख से कोई संबंध नहीं है और यह पूरी तरह उनका निजी निर्णय है।
सविता प्रधान ने लिखा कि समाज में आज भी महिलाओं की सुंदरता को लंबे बालों और बाहरी रूप-रंग से जोड़कर देखा जाता है, जबकि वास्तविक सुंदरता आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और क्षमता में होती है।
उन्होंने कहा कि पुरुषों के गंजे होने को सामान्य माना जाता है, लेकिन महिलाओं के बिना बालों के दिखने पर लोग असहज हो जाते हैं। इस सोच में बदलाव की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि सिर मुंडवाने से उन्हें मानसिक संतुष्टि और खुशी मिली है तथा लोगों से बाहरी रूप के बजाय व्यक्ति के आत्मविश्वास और कार्यक्षमता को महत्व देने की अपील की। उनके इस कदम के बाद सोशल मीडिया पर महिला स्वतंत्रता, सामाजिक सोच और सुंदरता की परिभाषा को लेकर व्यापक चर्चा छिड़ गई।