पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से भिड़ी बाइक, सगे भाइयों की मौत, जयसिंहपुर में सारंगपुर के पास हुआ हादसा
कानपुर के दो सगे भाई सुमित और शुभम गौड़ की पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वे आजमगढ़ जा रहे थे जब जयसिंहपुर के सारंगपुर के पास उनकी बाइक एक्सप्रेसवे किनारे खड़े ट्रालर से टकरा गई।

HighLights
कानपुर के दो सगे भाइयों की सड़क दुर्घटना में मौत।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रालर से बाइक टकराई।
जयसिंहपुर के सारंगपुर के पास हुआ दर्दनाक हादसा।
संवादसूत्र, जयसिंहपुर (सुलतानपुर)। कानपुर से आजमगढ़ जा रहे दो सगे भाइयों की रविवार देर रात पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। दोनों भाई बाइक से अपने पैतृक गांव एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में एक्सप्रेसवे किनारे खड़े ट्रालर से उनकी बाइक टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कानपुर के आवास विकास, केशवपुरम कल्याणपुर कालोनी के सुमित गौड़ और शुभम गौड़ सगे भाई हैं। वे आजमगढ़ के थाना पवई के बरहामपुर जा रहे थे। रात करीब 11 बजे वे जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र में सारंगपुर के पास पहुंचे ही थे कि इसी बीच उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे वे बाइक समेत एक्सप्रेसवे किनारे पहले से खड़े ट्रालर से जा टकराए।
बाइक के उड़े परखच्चे
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में सुमित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल शुभम को पुलिस और यूपीडा की राहत टीम ने 100 शैय्या बिरसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद शुभम को भी मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- मकान के पीछे का दरवाजा तोड़ सोने-चांदी के गहने और पैसे चोरी, शादी समारोह में शामिल होने गया था परिवार
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रालर को अभिरक्षा में लेकर दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल प्रमोद मिश्रा ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अधिक रफ्तार बनी हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि ट्रालर अपने निर्धारित पीली पट्टी के भीतर खड़ा था, लेकिन बाइक की तेज रफ्तार के कारण यह दुर्घटना हुई।
मजदूरी कर चलाते थे परिवार
मृतकों के पिता बुद्ध गौड़ कानपुर में मजदूरी करते हैं। उनके दो पुत्र और एक पुत्री हैं। दोनों युवा बेटों की असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा है और परिवारजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

