सुलतानपुर : ग्रामीणांचल में हुई झमाझम, शहर में बूंदाबांदी तक सिमटा मौसम, बरसात से किसानों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
सुलतानपुर में गुरुवार को हुई बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। ग्रामीण इलाकों में तेज बरसात से धान सहित खरीफ फसलों को संजीवनी मिली, जिससे किसानो ...और पढ़ें
-1784827347096_m.webp)
HighLights
उमस भरी गर्मी से लोगों को मिली राहत।
ग्रामीण क्षेत्रों में तेज बारिश, शहर में बूंदाबांदी।
धान और खरीफ फसलों के लिए बारिश लाभदायक।
जागरण टीम, सुलतानपुर। उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को गुरुवार का दिन खुशनुमा रहा। दिन भर आसमान में मंडरा रहे बादल दोपहर बाद अचानक बरस गए। बदले मौसम और बरसात से लोगों को उमस भरी गर्मी से भी राहत मिली है। हालांकि शहर में मौसम केवल बूंदाबांदी तक सिमटा रहा लेकिन ग्रामीणांचल में तेज बरसात हुई। इसे लेकर किसान मुदित दिखे।
धनपतगंज : गुरुवार शाम अचानक हुई तेज बारिश से क्षेत्र का जनजीवन प्रभावित हो गया। मुख्य बाजार सहित कई स्थानों पर सड़कों और फुटपाथ पर जलभराव हो गया। पानी भर जाने से फुटपाथ बाजार नहीं लग सका, जिससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
वहीं खरीदारी के लिए आए लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर, इस बारिश ने किसानों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। किसानों का कहना है कि धान सहित खरीफ फसलों के लिए यह बारिश संजीवनी साबित होगी। खेतों में पर्याप्त नमी आने से फसलों की पैदावार बेहतर होगी और सिंचाई की आवश्यकता भी कम पड़ेगी।
भदैंया : दोमुंहा, अभियाकला, हनुमानगंज, बेलासदा में गुरुवार शाम हलकी बरसात हुई। हालांकि इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन अभी भी किसानों को तेज बरसात का इंतजार है।
दूबेपुर : क्षेत्र में दिन भर छिटपुट बारिश होती रही, जिसके चलते भीषण गर्मी में लोगों को कुछ राहत महसूस हुई। धान की फसलों के लिए छिटपुट बारिश भी फायदेमंद साबित हो रही है।
चांदा : कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार दोपहर बाद रुक-रुक कर हुई बारिश से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने बारिश के बाद राहत की सांस ली। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे वातावरण सुहावना हो गया। धान सहित खरीफ की फसलों के लिए यह वर्षा बेहद लाभदायक मानी जा रही है।
बरौंसा : जयसिंहपुर के गोपालपुर, अठैसी, बरौंसा, पांडेयपुर, अलावलपुर, रामचन्द्रपुर, मूंगर, दौलतपुर, बिरईपुर समेत अन्य स्थानों पर करीब एक घंटे झमाझम बारिश हुई। इससे धान की खेती करने वाले किसानों को राहत मिली।