सुलतानपुर में प्रोजेक्ट अलंकार का कमाल, जर्जर हो चुके 6 संस्कृत विद्यालयों की बदलेगी सूरत
सुलतानपुर में प्रोजेक्ट अलंकार के तहत छह जर्जर संस्कृत विद्यालयों का कायाकल्प सितंबर तक पूरा हो जाएगा। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत जर्जर हो चुके छह संस्कृत विद्यालयों का कायाकल्प सितंबर तक पूरा हो जाएगा। ये विद्यालय 50 वर्ष या इससे अधिक अवधि पार कर चुके थे और शिक्षकाें व विद्यार्थियों के लिए खतरा बन सकते थे।
यहां कक्ष निर्माण, मरम्मत, पेयजल व्यवस्था, बहुद्देशीय हाल, बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय निर्माण के लिए प्रति विद्यालय 25 लाख रुपये आवंटित किए गए थे। पांच प्रतिशत राशि विद्यालय प्रबंधन वहन कर रहा है। दूसरी किस्त मिलने से काम यहां प्रगति पर है।
जिले में चार संस्कृत महाविद्यालय तथा 10 माध्यमिक विद्यालय हैं। इनमें से तीन विद्यालय 50 वर्ष से अधिक समय के हैं। अन्य इससे कम अवधि के हैं। ये विद्यालय जर्जर घोषित हो चुके हैं। प्रोजेक्ट अलंकार के लिए चिह्नित छह विद्यालयों में निर्माण कार्य कराए जाने हैं।
प्रति विद्यालय करीब 25 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके लिए शासन द्वारा 148.85 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई थी। पटल सहायक आशीष ओझा ने बताया कि राज्य स्तरीय समिति द्वारा मंजूर की गई धनराशि के क्रम में दो किस्तें कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश अभियंत्रण एवं श्रम सहकारी संघ लिमिटेड को निर्गत की जा चुकी हैं।
खबरें और भी
इनमें से दो चरण के कार्य अंतिम चरण में चल रहे हैं। योजना के तहत पहली किस्त की राशि व्यय करने के बाद दूसरी किस्त आवंटित की गई थी। कार्य पूरा होने के बाद तीसरी किस्त (कुल राशि का 20 प्रतिशत) के लिए मांग की जाएगी। उम्मीद है कि चयनित विद्यालयों का कायाकल्प सितंबर तक पूरा हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- नेता नहीं, चौपारण का सबसे चर्चित चेहरा बना यह बंदर! स्कूल से रथयात्रा तक... हर जगह देता है हाजिरी
इन विद्यालयों का हो रहा कायाकल्प
- श्री हनुमत संस्कृत माध्यमिक विद्यालय बिजेथुआ, सूरापुर
- श्री सीताराम संस्कृत माध्यमिक विद्यालय दियरा
- भुवनेश्वरी प्रताप संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, कुड़वार
- श्री राम जानकी संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, सुंदरपुर मेवपुर
- बाबा विश्वनाथ संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, मरुई कृष्णदासपुर
- श्री गौरी शंकर संस्कृत माध्यमिक विद्यालय, रसवादा शहाबुद्दीनपुर