सुलतानपुर के परिषदीय स्कूलों में बनेगा समग्र रिपोर्ट कार्ड, अब अंकों की जगह मिलेंगे ग्रेड
सुलतानपुर के परिषदीय स्कूलों में अब छात्रों को समग्र रिपोर्ट कार्ड मिलेगा, जिसमें पढ़ाई के साथ व्यक्तित्व का भी मूल्यांकन होगा। इसमें अंकों की जगह ग्र ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
छात्रों का पढ़ाई के साथ व्यक्तित्व का भी मूल्यांकन।
अंकों की जगह अब ग्रेड दिए जाएंगे रिपोर्ट कार्ड में।
रिपोर्ट कार्ड पर क्यूआर कोड से ऑनलाइन जानकारी।
संवाद सूत्र, सुलतानपुर। परिषदीय स्कूलों में पढ़ाई करने वाले छात्रों को वर्तमान शैक्षिक सत्र से समग्र रिपोर्ट कार्ड दिया जाएगा। इसमें पढ़ाई के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व का संपूर्ण मूल्यांकन भी होगा। कार्ड पर छात्र की हर महीने उपस्थिति, माता-पिता का नाम सहित अन्य जानकारियां रहेंगी।
समग्र रिपोर्ट कार्ड पर साल में दो बार सितंबर के अंतिम सप्ताह व मार्च के अंतिम सप्ताह में शिक्षक छात्रों का मूल्यांकन कर प्रविष्टियां भरेंगे। यह एक अभिनव प्रयोग के रूप में देखा जा रहा है।
परिषदीय स्कूलों में अब रिपोर्ट कार्ड में अंकों की जगह पर ग्रेड दिए जाएंगे। नए शैक्षिक सत्र 2026-27 में यह व्यवस्था लागू की जाएगी। रिपोर्ट कार्ड पर क्यूआर कोड भी होगा। इसे स्कैन कर पूरी जानकारी ऑनलाइन मिल सकेगी। कक्षा में सीखने के स्तर को तीन श्रेणियों में बांटा जाएगा।
सभी विषयों में शैक्षिक परीक्षा परिणाम में प्रथम सत्र परीक्षा, अर्द्धवार्षिक परीक्षा, द्वितीय सत्र एवं वार्षिक परीक्षा के ग्रेड लिखे जाएंगे। निदेशालय से नए रिपोर्ट कार्ड का प्रारूप जारी कर दिया गया है।
प्रगति पत्र में प्राप्तांक के आधार पर ग्रेडिंग होगी। इसमें ए वन ग्रेड 91-100 प्रतिशत अंक, ए टू ग्रेड 81-90, बी वन 71-80, बी टू 61-70, सी वन 51-60, सी टू 41-50, डी वन 33-40 व डी टू ग्रेड 32 प्रतिशत या उससे कम अंक मिलने पर दिया जाएगा।
बीएसए उपेंद्र गुप्ता ने बताया कि इस प्रकार के प्रयोग से छात्रों के सीखने व समझने की क्षमता का आसानी से पता लग सकेगा और कमजोर बच्चों का ढंग से शैक्षणिक विकास किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें- आजमगढ़ में फर्जी डोमिसाइल बना कर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के तीन और सदस्य गिरफ्तार