गुरु पूर्णिमा के अवसर उन्नाव में गंगा स्नान को उमड़ी भीड़, परियर-बिठूर मार्ग पर तीन किमी लंबा जाम
गुरु पूर्णिमा पर उन्नाव के परियर गंगा तट पर स्नान के लिए उमड़ी भीड़ के कारण परियर-बिठूर मार्ग पर तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुबह 7 से 10 बजे तक श्र ...और पढ़ें

परियर-बिठूर मार्ग पर लगा जाम। जागरण
HighLights
गुरु पूर्णिमा पर उन्नाव के परियर गंगा तट पर श्रद्धालुओं की भीड़।
परियर-बिठूर मार्ग पर तीन किलोमीटर लंबा यातायात जाम लगा।
पुलिस ने हस्तक्षेप कर लगभग तीन घंटे बाद यातायात सुचारु किया।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। आषाढ़ माह की पूर्णिमा एवं गुरु पूर्णिमा के अवसर पर परियर गंगा तट पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने से परियर-बिठूर मार्ग पर तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुबह सात बजे से 10 बजे तक मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। भीषण गर्मी और उमस के बीच जाम में फंसे श्रद्धालुओं व राहगीरों को करीब तीन घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुरु पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु निजी वाहनों, बसों और अन्य साधनों से परियर घाट पहुंचे। वाहनों का दबाव बढ़ने से परियर-बिठूर मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। वाहन रेंगते नजर आए, जबकि कुछ जगहों पर पूरी तरह ठहराव की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर सफीपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को आगे-पीछे कर यातायात सुचारु कराने का प्रयास किया। पुलिस ने धीरे-धीरे जाम खुलवाकर आवागमन सामान्य कराया। लगभग 10 बजे के बाद स्थिति नियंत्रण में आई और यातायात सामान्य हो सका।
सफीपुर कोतवाली प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया की वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम के हालात बने थे स्थिति सामान्य करा दी गई है।