विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उन्नाव के दोस्ती नगर बाईपास की बदलेगी सूरत, चौड़ीकरण के लिए शासन को भेजा गया 22 करोड़ का प्रस्ताव

Published: Wed, 02 Sep 2026 02:39 PM (IST)

उन्नाव का दोस्ती नगर बाईपास अब 7 से 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा, जिससे प्रतिदिन 10-12 हजार भारी वाहनों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. दोस्ती नगर बाईपास 7 से 10 मीटर चौड़ा होगा।

  2. प्रतिदिन 10-12 हजार वाहनों को आवागमन में सुविधा।

  3. जाम और दुर्घटनाओं से शहर को मिलेगी राहत।

जागरण संवाददाता, उन्नाव। शहर को भारी वाहनों के आवागमन से बचाने के लिए एक साल पहले 44 करोड़ रुपये खर्च कर बनाया गया दोस्ती नगर बाईपास अब 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। फिलहाल यह मार्ग सात मीटर चौड़ा है। मार्ग भारी वाहनों के यातायात के लिए बेहद अहम है।

इस बाईपास से होकर कानपुर-लखनऊ हाइवे सहित अन्य मार्गों के भारी वाहन शहर में प्रवेश न करके बाहर-बाहर हरदोई, बांगरमऊ, दिल्ली आदि के लिए चले जाते हैं। इसी प्रकार संबंधित मार्गों के वाहन लखनऊ, कानपुर, रायबरेली, प्रयागराज आदि स्थानों को चले जाते हैं। दोस्ती नगर बाइपास की लंबाई 9.5 किमी है।

जो नेशनल हाइवे 27 से लेकर स्टेट हाइवे उन्नाव-हरदोई मार्ग से जुड़ा है। मार्ग पर प्रतिदिन 10-12 हजार वाहनों का आवागमन है। मार्ग 10 मीटर चौड़ा होने से इन वाहनों को आवागमन में सुलभता के साथ जाम व दुर्घटना का सामना कम करना होगा।

वहीं दोस्ती नगर बाइपास मार्ग का महत्व और भी बढ़ने वाला है। जनपद के सांसद साक्षी महाराज द्वारा प्रस्तावित बिलग्राम-सफीपुर-उन्नाव-प्रयागराज राज्यमार्ग को नेशनल हाइवे में तब्दील किए जाने की प्रक्रिया शासन में लंबित है किसी भी समय इस पर निर्णय लिया जा सकता है।

जिसके बाद बिलग्राम-सफीपुर-उन्नाव होकर प्रयागराज जाने वाले वाहनों को इसी दोस्ती नगर बाइपास से होकर नेशनल हाइवे कानपुर-लखनऊ पर पहुंचकर यहां से छह किमी आगे गदनखेड़ा में उन्नाव रायबरेली एनएच 31 पर जाना होगा।

यह सब दोस्ती नगर बाईपास की बदौलत ही होगा। इसलिए इस मार्ग को महज एक साल में सात से 10 मीटर चौड़ा किए जाने की तैयारी विभाग ने 22 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजकर कर ली है।

यह भी पढ़ें- Ganga Expressway: उन्नाव में पहले 100 मीटर तक बना ‘स्विमिंग पूल’, अब धंस गया एक्सप्रेसवे; सड़क फाड़कर निकला बरसाती पानी

दोस्ती नगर बाईपास के 16 किमी एक्सटेंशन के बाद और बढ़ेगा यातायात

दोस्ती नगर बाईपास का 9.5 किमी से आगे 16 किमी और एक्सटेंशन भी होना है। जिसके लिए विभाग ने शासन को प्रस्ताव भेज रखा है। बाईपास के एक्सटेंशन के बाद यह सड़क ट्रांसगंगा सिटी में जाकर जुड़ जाएगी। जिससे इस मार्ग का महत्व व यातायात लगभग दोगुणा हो जाएगा।

शासन को प्रस्ताव भेजा चुका है। ईएफसी भी होने वाली है, जल्द ही बजट स्वीकृत होने वाला है। जिसके बाद बाईपास का 10 मीटर चौड़ीकरण करवाया जाएगा।

                                                         हरदयाल अहरिवार-एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग