उन्नाव के सफीपुर में झाड़ियों से आ रही थी मासूम के रोने की आवाज, बैग के अंदर बंद थी नवजात बच्ची
उन्नाव के सफीपुर में झाड़ियों के बीच एक बैग में नवजात बच्ची मिली, जिसे ग्रामीणों ने सीएचसी पहुंचाया। बच्ची स्वस्थ है और चाइल्ड लाइन की टीम ने उसे बेहत ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, उन्नाव। सफीपुर क्षेत्र के सफियापुर गांव में बुधवार सुबह झाड़ियों के बीच एक बैग में नवजात बच्ची मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने बैग से बच्ची के रोने की आवाज सुनी तो उसे बाहर निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सफीपुर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बच्ची का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें वह स्वस्थ मिली।
चाइल्ड लाइन की टीम सीएचसी पहुंची और बेहतर स्वास्थ्य के लिए उसे संरक्षण में लेकर जिला अस्पताल के एसएनसीयू (सिक न्यू बार्न केयर यूनिट) में भर्ती कराया है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार और देखभाल की जा रही है।
नवजात के मिलने की खबर फैलते ही उसे गोद लेकर पालन-पोषण करने की इच्छा जताने वाले कई परिवार सामने आए। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्ची की अभिरक्षा और आगे की प्रक्रिया नियमानुसार चाइल्ड लाइन एवं संबंधित विभाग की देखरेख में ही पूरी की जाएगी।
पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को बैग में रखकर झाड़ियों में कौन छोड़ गया।