Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मुंडन की खुशियां मातम में बदलीं: एक का सिर कटा, दो के शरीर हुए दो टुकड़े; उन्नाव हादसे का मंजर देख कांप गई चश्मदीदों की रूह

    Updated: Wed, 29 Apr 2026 08:15 PM (IST)

    उन्नाव में हादसे में खुशियां मातम में बदल गईं। मुंडन संस्कार से लौट रहे परिवार की बोलेरो को डंपर ने टक्कर मार दी, जिससे 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई औ ...और पढ़ें

    धनीराम की मौत की सूचना पर स्वजन के साथ बिलखती बेटियां। जागरण,  मृतकों की फाइल फोटो। स्वजन

    धनीराम की मौत की सूचना पर स्वजन के साथ बिलखती बेटियां। जागरण, मृतकों की फाइल फोटो। स्वजन

    HighLights

    1. डंपर ने सामने से 80 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आ रही बोलेरो को टक्कर मार दी

    2. 11 लोगों में पांच महिलाओं समेत छह की मौत हो गई, पांच की हालत गंभीर

    3. ट्रक की नई चेसिस को ओवरटेक करने में बोलेरो को सामने से मारी टक्कर

    4. 12 फीट नीचे खंती में गिरा डंपर व बोलेरो, एक महिला सिर कटा, दो का शरीर दो टुकड़ों में बंटा

    5. सड़क घेरकर खड़ी नए ट्रक की चेसिस को ओवरटेक करने में हुआ हादसा


    जागरण संवाददाता, उन्नाव। यूपी के उन्नाव में रफ्तार और लापरवाही ने हंसते-खेलते परिवारों को उजाड़ दिया। बक्सर के चंडिका धाम से मुंडन कराकर लौट रहे परिवार की बोलेरो को ओवरटेक के चक्कर में एक तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन 12 फीट गहरी खंती में जा गिरे। इस दर्दनाक हादसे में पांच महिलाओं समेत छह लोगों की वीभत्स मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

    बिहार से बक्सर की ओर 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से जा रहे खाली डंपर ने सामने से 80 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से आ रही बोलेरो को टक्कर मार दी। दोनाें वाहन 12 फीट गहरी खंती में जा गिरे। बोलेरो के ऊपर डंपर के पलटने से चालक समेत बैठे 11 लोगों में पांच महिलाओं समेत छह की मौत हो गई, पांच की हालत गंभीर है।

    महिला का कटा सिर

    एक महिला का सिर कटकर पांच फीट दूर गिरा, जबकि दो महिलाओं के शरीर दो हिस्साें में बंट गए। कटर से बाडी को काटकर मृतकों व घायलों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से भाग निकला। बोलेरो सवार एक परिवार के लोग बालक का मुंडन कराकर बक्सर के चंडिका धाम से मौरावां लौट रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।

    यहां के रहने वाले थे बोलेरो सवार सभी 

    माैरावां के पठई गांव निवासी सूरज सिंह के तीन वर्षीय बेटे शुभ का बुधवार को मुंडन संस्कार था। जिसमें शामिल होने के लिए सूरज सुबह लगभग छह बजे अपनी पत्नी मानसी उर्फ भारती व बेटे शुभ के अलावा 60 वर्षीय मां गीता सिंह, 40 वर्षीय बहन सुनीता सिंह निवासी सेरसा निगोहा लखनऊ, चचेरी बहन 25 वर्षीय ज्योति पत्नी रामप्रताप निवासी मलौना बिहार व ज्योति की मां 56 वर्षीय बिटान, पड़ोस की 60 वर्षीय अर्चना बाजपेई पत्नी रंजीत समेत 11 लोगों के साथ पड़ोस के 50 वर्षीय रामधनी की बोलेरो से बारासगवर के बक्सर स्थित मां चंडिका देवी धाम गया था।

    खबरें और भी

    Overspeeding Kills 6 in Unnao

    सुमेरपुर-भगवंत नगर मार्ग पर किरतपुर गांव के सामने हादसे के बाद खंती में पलटा डंपर व क्षतिग्रस्त हुई बोलेरो। जागरण

    इस वजह से हुआ हादसा

    मुंडन के बाद गंगा स्नान कर बोलेरो से घर लौट रहे थे। बिहार-बक्सर मार्ग पर सुमेरपुर और खरही पुल के बीच कीरतपुर गांव के पास बीच सड़क पर एक नए ट्रक की चेसिस खराब हो गई। चालक चेसिस खड़ी कर छाया में चला गया। इसी दौरान बिहार से बक्सर की ओर जा रहे डंपर ने चेसिस को ओवरटेक करने की कोशिश में सामने से आ रही बोलेरो टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन 12 फीट गहरी खंती में चले गए।

    बोलेरो पर पलट गया डंपर

    डंपर बोलेरो पर ही पलट गया। जिससे बोलेरो सवार सभी दब गए। पुलिस ने क्रेन की मदद से डंपर को हटाकर कटर मशीन से बोलेरो की बाडी काटकर सभी को बाहर निकाला। हादसे में बिटान, ज्योति, गीता, सुनीता, अर्चना व बोलेरो चालक रामधनी की मौत हो गई। वहीं सूरज सिंह सूरज की पत्नी मानसी उर्फ भारती, सूरज का बेटा शुभ (जिसका मुंडन था) गौरी पुत्री दुर्गेश सिंह व बउवा पुत्र कल्लू घायल हो गए। गंभीर हालत देख सूरज को कानपुर एलएलआर अस्पताल रेफर किया गया है।

    Overspeeding Kills 6 in Unnao

    जिला अस्पताल में हादसे में घायल हुए लोगों का हालचाल लेते डीएम घनश्याम मीना, साथ में एसपी जय प्रकाश सिंह व अन्य अधिकारी। वीडियो ग्रैब

    मुंडन संस्कार करा घर लौटते समय बोलेरो में बैठी महिलाएं गा रही थीं मंगलगीत

    मौरावां क्षेत्र के पठई गांव के एक परिवार की खुशियों को हादसे ने निगल लिया। हादसा देख हर किसी का कलेजा कांप गया। परिवार व पड़ोसियों पर बरपे मौत के कहर ने हर किसी का दिल झकझोर कर रख दिया। तीन वर्षीय मासूम शुभ के मुंडन संस्कार के बाद बोलेरो से लौट रहे परिवार की महिलाएं मंगलगीत गा रहीं थीं। हंसी-खुशी का यह कारवां जैसे ही घर की ओर बढ़ा, हादसे ने छह को निगल लिया।

    Unnao road accident today 29 april

    सुमेरपुर-भगवंत नगर मार्ग पर कीरतपुर गांव के पास हादसे में दिवंगत के बिलखते स्वजन। जागरण

    टक्कर के साथ जोरदार धमाका

    बक्सर स्थित चंडिका देवी धाम से लौटते समय बोलेरो में बैठे सभी लोग उत्साह में थे। महिलाएं पारंपरिक गीत गा रही थीं, बच्चे मुस्कुरा रहे थे और परिवार के बुजुर्ग संतोष से भरे थे। रास्ते में एक हल्के मोड़ पर सामने से तेज रफ्तार डंपर ने बोलेरो को ऐसी टक्कर मारी कि पल भर में सब कुछ खत्म हो गया। टक्कर के साथ जोरदार धमाका हुआ और बोलेरो खंती में जा गिरी।

    Unnao road accident today 29 april

    हादसे में पत्नी ज्योती की मौत पर घायल बेटा आंनद के साथ बिलखता राम प्रताप सिंह। जागरण

     

    अंदर ही दब गए बोलेरो में

    हादसे के बाद डंपर उसी बोलेरो पर पलट गया, जिससे उसमें बैठे लोग अंदर ही दब गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। जो आवाजें कुछ क्षण पहले मंगलगीतों की थीं, वही अब मदद की गुहार में बदल गईं। आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। लगभग 20 मिनट तक लोग अपनी जान जोखिम में डालकर बोलेरो में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश करते रहे, लेकिन डंपर के भारी वजन के आगे उनके प्रयास कमजोर पड़ गए। कई लोग बेबसी में रोते-बिलखते नजर आए।

    25 मिनट बाद पहुंची क्रेन

    25 मिनट बाद पहुंची पुलिस ने क्रेन बुलाकर डंपर को हटवाया और राहत कार्य शुरू किया। कटर से बोलेरो के गेट काटकर जब तक सभी को निकालने का प्रयास किया जाता, कई पांच महिलाओं समेत छह लोग दम तोड़ चुके थे। पांच लोग गंभीर घायल हैं।

    ये लोग हुए दिवंगत

    दिवंगत में 56 वर्षीय बिटान पत्नी गुलाब सिंह, 27 वर्षीय ज्योति पुत्री रामप्रताप, 35 वर्षीय गीता पत्नी नरेंद्र बहादुर, 35 वर्षीय सुनीता पत्नी दुर्गेश बहादुर सिंह, 50 वर्षीय अर्चना पत्नी रंजीत और बोलेरो चालक 35 वर्षीय रामधनी शामिल हैं। घायलों में सूरज सिंह, उनकी पत्नी भारती, उनका बेटा शुभ (जिसका मुंडन था), गौरी और बउवा शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है। चेसिस का चालक नशे में था। पुलिस उसे थाने में ले जाकर बैठा दिया।

    Unnao road accident today 29 april

    हादसे में घायल आनंद को एंबुलेंस से उतारकर इमर्जेंसी वार्ड में लेकर जाती पुलिस व साथ में स्वजन। जागरण

     

    पठई गांव में सन्नाटा, घरों में मची चीख पुकार

    हादसे के बाद पठई गांव में सन्नाटा पसरा रहा। जिन घरों में सुबह हंसी-खुशी और रस्मों की रौनक थी, वहां मातम और चीख-पुकार की आवाजें सुनाई देती रहीं। हर आंख नम रही।

    माता-पिता के साये से वंचित हुए बच्चे, सिसकते रहे

    बिटान की मौत ने उनके बच्चे ज्योतिमा, अंतिमा और कोमल के सिर से मां का साया छीन लिया। पहले पिता को खो चुके इन बच्चों के सिर से अब मां का साया भी उठ गया। उनके मासूम चेहरे पर दर्द साफ झलक रहा है। वहीं ज्योति की मौत ने उनके तीन छोटे-छोटे बच्चों की जिंदगी में गम घोल दिए। बच्चे हर आने-जाने वाले से अपनी मां के बारे में पूछते रहे। दिवंगत गीता के बेटे सूरज और अनुराग और सुनीता की बेटी वैशाली व गौरी मां के बिना बेसहारा हो गईं। घर के आंगन में खेलते ये बच्चे अब चुपचाप कोने में बैठे रोते दिखाई दिए। वहीं बोलेरो चालक रामधनी की मौत से उनके घर में भी कोहराम मचा है। उनकी तीन बेटियां और बेटा शिवम बार-बार दरवाजे की ओर देख रहे हैं, मानो पिता अब भी लौट आएंगे।


    एक पल की लापरवाही में कई जिंदगियां खत्म

    स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे की मुख्य वजह डंपर की तेज रफ्तार और ओवरटेक करने की कोशिश थी। हल्के मोड़ पर सामने से आ रही बोलेरो दिखाई नहीं दी और यह भयावह हादसा हो गया। यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि कई परिवारों के सपनों का अंत बन गया। जिस बच्चे के जीवन के शुभ अवसर पर लोग खुशियां मना रहे थे, उसी दिन उसके अपनों की जिंदगी खत्म हो गई। आज शुभ का मुंडन संस्कार नहीं, बल्कि उस हादसे की कड़वी याद उसके जीवन से हमेशा जुड़ी रहेंगी।

    Overspeeding Kills 6 in Unnao

    सुमेरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हादसे में घायल भारती व सीने पर चिपका लेटा बेटा शुभ सिंह। जागरण

    घायल मां से चिपका रहा मासूम शुभ

    हादसे के बाद घायलों को पीएचसी सुमेरपुर ले जाया गया। जिस बच्चे तीन वर्षीय शुभ सिंह का मुंडन था वह अपनी घायल मां भारती के सीने से चिपका रहा। बच्चे को भी चोट थी पर मां को छोड़ नहीं पा रहा था। कोई उठाने का प्रयास करता तो वह रोने लगता। दूसरी 10 वर्षीय घायल गौरी अस्पताल में जोर-जोर से चिल्ला रही थी। जिद लगाए थी कि उसे उसकी मां के पास ले चलो। हादसे में मां सुनीता सिंह दम तोड़ चुकी थी। नजारा देखने वालों की आंखों से बच्ची की पीड़ा बह निकली। शुभ सिंह के पिता सूरज सिंह की हालत गंभीर है।


    सही इलाज न मिलने पर भड़के स्वजन, जाम लगाने का किया प्रयास

    प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर में घायलों को इलाज ठीक ढंग से नहीं मिला। सुबह 10 बजे तक अस्पताल का स्टाफ तक नहीं आया था। घायलों व मृतकों के स्वजन अस्पताल पहुंचे तो वहां की अव्यवस्था देखकर भड़क गए। गुस्से में सभी बिहार-बक्सर मार्ग को जाम करने के लिए रोड पर आ गए। सीओ मधुपनाथ मिश्र व थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने समझा बुझाकर सभी को शांत किया। पीएचसी के डा. सुनील कुमार ने बताया कि प्राथमिक उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं की गई है।


    हादसे के बाद लगा जाम, दो किमी तक वाहनों की लगी लंबी कतार

    हादसे के बाद मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। लगभग दो किमी दूर तक एक सैकड़ा से अधिक डंपर लाइन में खड़े हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन रात तेज रफ्तार में इस मार्ग से डंपर निकलते हैं। हादसे के 20 मिनट बाद क्रेन व बुलडोजर बुलाकर पुलिस ने सड़क घेरकर खड़ी चेसिस को हटवाने के साथ बोलेरो के ऊपर पलटे डंपर को हटवाया। करीब एक घंटे बाद आवागमन सामान्य हो सका। घटनास्थल पर उपजिलाधिकारी रनवीर सिंह, सीओ मधुपनाथ मिश्र समेत अन्य अधिकारी राहत बचाव कार्य के दौरान मौजूद रहे।

    डंपर चालक भाग निकला, ट्रक की चेसिस का चालक हिरासत में 

    हादसे के बाद डंपर का चालक भाग निकला। नए ट्रक की चेचिस के चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर घायलों को समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। एसओ राहुल सिंह ने बताया कि हादसे में पांच महिलाओं समेत छह की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। यात्री कर अधिकारी शहपर किदवई ने बताया कि बोलेरो, डंपर व ट्रक की नई चेसिस के सभी कागज पूर्ण हैं। पुरवा विधायक अनिल सिंह, डीएम घनश्याम मीना व एसपी जयप्रकाश सिंह ने जिला अस्पताल पहुंच घायलों का हालचाल लिया।



    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है। उन्होंने जिला प्रशासन को सभी दिवंगत के स्वजन को आर्थिक मदद देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रत्येक दिवंगत के परिवार को दो-दो लाख रुपये आर्थिक मदद देने का आदेश दिया है। सीएमएस को घायलों के बेहतर उपचार का निर्देश दिया है। पोस्टमार्टम जल्द करवा शव स्वजन को सिपुर्द करने को कहा है।
    -घनश्याम मीना, डीएम