IAS की तैयारी कर रहे डॉक्टर की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत, NEET में हासिल की थी देशभर में 28वीं रैंक
नीट में देश में 28वीं रैंक हासिल करने वाले 26 वर्षीय अभिषेक ने आईएएस बनने का सपना देखा था। लेकिन ...और पढ़ें

दिवंगत अभिषेक (फाइल फोटो)। स्वजन
HighLights
वर्ष 2018 में नीट में देश में आई थी 28वीं रैंक, परिवार के थे इकलौते
मां और पिता का कुछ कहने से इन्कार, स्वजन बता रहे आत्महत्या
पुलिस ने कहा-छत पर टहलते समय बारिश के चलते फिसला पैर
संवाद सहयोगी, पाटन(उन्नाव)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में आठ साल पहले वर्ष 2018 में देश में 28वीं व उत्तर प्रदेश में आठवीं रैंक लाने वाले 26 वर्षीय अभिषेक पटेल की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना ग्रेटर नोएडा में मंगलवार सुबह हुई। स्वजन बिना पोस्टमार्टम के शव गांव लाए और गंगा के बक्सर घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। वह एमबीबीएस व डाक्ट्रेट आफ मेडिसिन (एमडी) कर चुके थे और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे।
अभिषेक के पिता दिनेश पटेल ने घटना पर कुछ भी बोलने से इन्कार किया, लेकिन अन्य स्वजन ने बताया कि आइएएस के साक्षात्कार में दो बार सफल न होने पर छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। हालांकि ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक वन कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि अभिषेक छत पर टहल रहे थे। वर्षा के कारण उनका पैर फिसल गया और वह नीचे आ गिरे।
निहालखेड़ा मजरा धनकोली निवासी दिनेश पटेल जेल में कंपाउंडर के पद पर कार्यरत हैं। पहले वह रायबरेली जिला जेल में तैनात थे। बेटे की पढ़ाई के लिए उन्होंने गौतमबुद्ध नगर स्थानांतरण करा लिया। वह ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक वन कोतवाली क्षेत्र स्थित जिला जेल में स्टाफ के लिए बनी सरकारी कालोनी में पत्नी सुमन व बेटे अभिषेक के साथ रहते थे।
अभिषेक ने नीट करने के बाद पहले एमबीबीएस किया और भोपाल स्थित एम्स से एमडी किया था। डाक्टर बनकर अस्पताल में काम या नौकरी के स्थान पर वह आइएएस अधिकारी बनने के लिए प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। दिवंगत के पारिवारिक बाबा रामनरेश ने बताया कि अभिषेक दो बार साक्षात्कार में बाहर होने से तनाव में थे। उन्होंने पिता से बताया था तो उन्होंने समझाया था।
मंगलवार सुबह पिता ड्यूटी पर चले गए तो अभिषेक ने मां से भी वही बात कही। इसके बाद चाय पी और योग अभ्यास करने की बात कहते हुए घर की तीसरी मंजिल पर चले गए। लगभग सात बजे वह तीसरी मंजिल से कूद गए। स्वजन उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन अभिषेक को बचाया नहीं जा सका।
