बांगरमऊ विधानसभा क्षेत्र के विधायक की सदन में 100% उपस्थिति, कल्याणी के पुनरुद्धार और ट्रॉमा सेंटर की आस अधूरी
बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार ने चार साल में 80 करोड़ के विकास कार्य गिनाए हैं, जिनमें सड़कें, बिजली और गंगा कटान रोकथाम शामिल हैं। हालांकि, कल्याणी ...और पढ़ें

श्रीकांत कटियार, बांगरमऊ विधायक।
HighLights
विधायक ने 80 करोड़ के विकास कार्य गिनाए।
कल्याणी नदी पुनरुद्धार, ट्रॉमा सेंटर अधूरे रहे।
सदन में विधायक की 100% उपस्थिति दर्ज की गई।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। बांगरमऊ विधानसभा चुनाव के दौरान उठी प्रमुख समस्याओं में से कई का समाधान बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार ने अपने चार वर्ष के कार्यकाल में किया है। विधायक निधि के 20 करोड़ रुपये और विभिन्न परियोजनाओं से प्राप्त बजट मिलाकर लगभग 80 करोड़ रुपये का खर्च विकास कार्यों पर किया गया है।
हालांकि, क्षेत्र की कुछ बड़ी समस्याएं जैसे कल्याणी नदी का पुनरुद्धार और बांगरमऊ में ट्रॉमा सेंटर की स्थापना अब तक अधूरी हैं। जल भराव, पोस्टमार्टम हाउस की मांग, पेयजल और सड़कों की समस्याएं भी बनी हुई हैं।
कल्याणी नदी के पुनरुद्धार के लिए कई बार प्रस्ताव बने और कार्य भी शुरू हुआ, लेकिन परिणाम शून्य ही रहा। दस हजार से अधिक किसान अब भी कल्याणी के सदानीरा होने की उम्मीद में हैं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या के मद्देनजर ट्रॉमा सेंटर की मांग चुनाव के समय उठी थी।
विधायक ने शासन को प्रस्ताव भेजा, लेकिन अब तक ट्रॉमा सेंटर की स्थापना नहीं हो सकी है। विधायक श्रीकांत कटियार ने बताया कि उन्होंने माढ़ापुर मार्ग का चौड़ीकरण, गोसा कुतुब गांव में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की स्थापना, ग्रामीण संपर्क मार्गों का निर्माण, बिजली व्यवस्था में सुधार, और बांगरमऊ सीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित कराया है।
इसके अलावा, गंगा कटान से प्रभावित क्षेत्रों में भी विकास कार्य किए गए हैं। वर्तमान में बांगरमऊ विधानसभा क्षेत्र के विधायक को वित्तीय वर्ष 2026-27 में 167.44 लाख रुपये की विधायक निधि मिली है, जिसमें 829.43 लाख रुपये का अवशेष है।
खबरें और भी
विधायक ने बताया कि उन्होंने प्रस्ताव दे दिया है, लेकिन स्वीकृति का इंतजार है। नगर के चूड़ी वाली गली, स्टेशन रोड चौराहा और सीएचसी परिसर में जलभराव, रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म की ऊंचाई, पोस्टमार्टम हाउस और ट्रॉमा सेंटर की मांग, और प्रमुख मार्गों के निर्माण की समस्याएं अब भी बनी हुई हैं।
बांगरमऊ विधान सभा में वोटर
- कुल मतदाता- 323567
- महिला मतदाता- 144859
- पुरुष मतदाता- 178706
- थर्ड जेंडर- 02
अहम समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, केवल विकास का ढिंढोरा पीटा गया। विधानसभा चुनाव में रनर रहे सपा प्रत्याशी ने बताया कि क्षेत्र में कुछ विकास कार्य हुए हैं, लेकिन बांगरमऊ की कई मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़े क्षेत्र में सड़क हादसे बढ़ रहे हैं, इसलिए ट्रॉमा सेंटर और पोस्टमार्टम हाउस की स्थापना प्राथमिकता होनी चाहिए। कटरी क्षेत्र में गंगा कटान और बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। औद्योगिक क्षेत्र का विकास और नगर की जलभराव समस्या पर भी आवश्यक कार्य नहीं कराए गए हैं। -मुन्ना अल्वी, चुनाव में रनर सपा प्रत्याशी।
विधायक ने चार वर्षों में करोड़ों के विकास कार्यों का किया उल्लेख
गंगा कटान से कटरी वाले ग्रामीणों को बहुत परेशानी होती थी। काटरीवासियों के राहत के लिए कटरी क्षेत्र के फरीदपुर कट्टर, कटरी गदनपुर आहार समेत कई गांवों में हर बार वर्षा में होने वाले गंगा कटान और पलायन की समस्या को देखते हुए बांगरमऊ से हिंदूपुर तक गंगा किनारे करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से परक्यू प्वाइंट का निर्माण कराया गया। इससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली है। इसके अतिरिक्त, 14 करोड़ रुपये से माढ़ापुर मार्ग का चौड़ीकरण कराया गया। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार भी कराया गया। तामोरिया बुजुर्ग और रोशनाबाद के बीच सई नदी पर पक्का पुल बनवाया गया है। एबीसी केबिल डलवा कर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराई गई है। ट्रॉमा सेंटर की स्थापना और कल्याणी नदी के पुनरुद्धार के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। इसका भी शीघ्र ही मुख्यमंत्री से मिलकर स्वीकृति प्राप्त करेंगे। -श्रीकांत कटियार, विधायक, बांगरमऊ।
नागरिकों ने दी मिली जुली प्रतिक्रिया
बांगरमऊ विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा विधायक श्रीकांत कटियार ने क्षेत्र के विकास के लिए काफी काम कराया है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण, गंगा कटान रोकथाम के लिए परक्यू प्वाइंट, जर्जर बिजली लाइनों को ठीक कराने समेत कई कार्य कराए गए है। -मनीष तिवारी, नागरिक।
बांगरमऊ के स्टेशन रोड और चूड़ी वाली गली में जलभराव के दौरान होने वाली समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। वर्षा के दौरान दुकानदारों का भारी नुकसान हो जाता है। जल निकासी व सड़क निर्माण पर विधायक ध्यान नहीं दे रहे हैं। -पंकज गुप्ता, दुकानदार।
बांगरमऊ नगर में ट्रॉमा सेंटर की अत्यधिक आवश्यकता है। हादसों की बढ़ती संख्या के कारण बेहतर इलाज की आवश्यकता है, जिससे लोगों की जान बचाई जा सके। विधायक ने चुनाव में इसका वादा किया था, लेकिन अब तक यह पूरा नहीं हुआ है। -दीन दयाल मिश्रा, बांगरमऊ।
कल्याणी नदी के पुनरुद्धार की मांग वर्ष 2019 से लगातार उठाई जा रही है। इसे विभिन्न सरकारी योजनाओं में शामिल किए जाने के बावजूद धरातल पर काम शुरू नहीं हो सका। नदी का जलप्रवाह बाधित रहने से जलभराव, कृषि संकट और क्षेत्रीय बुनियादी ढांचे पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। -पंकज शुक्ल, फतेहपुर चौरासी।
रिंग रोड छोड़ सभी प्रस्तावों को मिली मंजूरी
विधायक श्रीकांत कटियार ने बताया कि सदन में हमारी उपस्थिति शतप्रतिशत रही है। आठ विद्यालयों की स्थापना, बांगरमऊ-माढ़ापुर व दबौली शिवराजपुर समेत 102 मार्गों, पटेल पार्क समेत दस प्रमुख स्थलों के सुंदरीकरण व बांगरमऊ में रिंग रोड का प्रस्ताव सदन में दिया था। सदन में उठाई गई मांगों के लिए बजट मिला जिससे काम हुए। लगभग 25 प्रस्ताव दिए थे जिसमें अभी बांगरमऊ में रिंग रोड के प्रस्ताव को मंजूरी मिलना शेष है।