Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उन्नाव के हाई टेक गांव के विकास को राष्ट्रपति ने भी सराहा, यहां सौर ऊर्जा से रोशन होते हैं सरकारी भवन

    Updated: Tue, 31 Mar 2026 06:32 PM (IST)

    उन्नाव की दुवा ग्राम पंचायत ने विकास का नया मॉडल पेश किया है। यहां सौर ऊर्जा से हर घर, गली और सरकारी भवन रोशन हैं। ...और पढ़ें

    दुवा ग्राम पंचायत में अंतरिक्ष प्रयोगशाला व खगोलीय ज्ञान प्राप्त करते बच्चे। जागरण

    दुवा ग्राम पंचायत में अंतरिक्ष प्रयोगशाला व खगोलीय ज्ञान प्राप्त करते बच्चे। जागरण

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    ब्रजेश शुक्ला, उन्नाव। गांव का जिक्र आते ही अधिकांश में कच्चे रास्ते, उनमें भरा पानी व कीचड़, बिना तार के बिजली के खंभे या फिर उन पर लटकते तारों की तस्वीर मस्तिष्क में उभरती है। सरकारी इमारतें जीर्ण-शीर्ण दिखती हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश में उन्नाव जिले की दुवा ग्राम पंचायत इस सोच से एकदम अलग है। साफ-सुथरे रास्ते और पक्की नालियों के साथ यहां हर घर-आंगन व गली सौर ऊर्जा से रोशन है।

    कान्वेंट सा सरकारी स्कूल व कारपोरेट कार्यालय जैसा पंचायत भवन है। लगभग 10 हजार की आबादी वाली ग्राम पंचायत में चार मजरा पाजाबखेड़ा, सुब्बाखेड़ा, गुरुबक्श खेड़ा व हलवल खेड़ा भी इसी नक्शेकदम पर चल रहे हैं।

    यह बदलाव ग्राम प्रधान की सोच से आया। प्रधान राजेश कुमार के भाई अजय सिंह वर्ष 2019 में गुजरात गए थे। वहां की पंचायतों का विकास देखा, ग्रीन एनर्जी के कार्यों को समझा तो बस उनके मन में गांव के लिए कुछ कर गुजरने का सोच आया। वर्ष 2021 में पंचायत चुनाव में उन्होंने भाई राजेश को मैदान में उतारा और जब जीत मिली तो भाई गांव की सूरत बदलने में जुट गए।

    ग्रीन एनर्जी से भी रोशन हैं गांव

    विकासखंड बिछिया की ग्राम पंचायत दुवा के शहर को मात देते सरकारी भवन, सार्वजनिक शौचालय, गांव का चौराहा, गली व खेल का मैदान बिजली के अलावा ग्रीन एनर्जी (सौर ऊर्जा) से भी रोशन हैं। इसलिए बिजली की सप्लाई बाधित होने के बावजूद गांव में अंधेरा नहीं होता। सौर ऊर्जा से गांव जगमगाने लगता है। इसके लिए गांव के सभी सरकारी भवनों पर सोलर प्लांट स्थापित कराए गए हैं।

    upd-2

    ग्राम प्रधान राजेश ने बताया कि वर्तमान में गांव में पनचक्की, सोलर से संचालित प्रकाश व्यवस्था, पंचायत सचिवालय के सभी काम के अलावा सभी सरकारी स्कूलों में सोलर एनर्जी की रोशनी है। सिंचाई के लिए भी यही ग्रीन एनर्जी काम में आती है। ग्राम पंचायत को 2024 में जिले में पहला आइएसओ-9001-2015 प्रमाण-पत्र भी मिल चुका है।

    खबरें और भी

    समेकित व्यवस्था के तहत बैंक से टाइअप करके यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआइ) भुगतान के क्यूआर कोड युक्त जिले की पहली ग्राम पंचायत बनने का भी गौरव हासिल है। देश की दूसरी व लखनऊ मंडल की पहली ग्रामीण अंतरिक्ष प्रयोगशाला का निर्माण भी कराया गया था।

    ऐसे लाए धनराशि और हुआ विकास

    ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजय सिंह ने बताया कि गांव के विकास में जिला पंचायत, ब्लाक, क्षेत्र पंचायत, विधायक निधि से विभिन्न विकास कार्य कराए गए। राज्य वित्त, 15वें वित्त, ग्राम निधि, ओएसआर व सीएम प्रोत्साहन राशि से भी विकास कार्य हुए हैं। केंद्र सरकार की ओर से गांव में पूर्ण विद्युतीकरण सिंगल आरबीसी लाइन कराया जा चुका है। इसके अलावा मुख्य मार्ग का निर्माण भी केंद्र सरकार के बजट से कराया गया है।

    गांव में ही ग्रामीणों को मिल रहीं सेवाएं

    पंचायत सचिवालय से पेंशन, सभी प्रकार के प्रमाण-पत्र, पेंशन के आवेदन से लेकर सत्यापन व स्वीकृति तक की सेवा मिलती है। गांव की सुरक्षा व निगहबानी के लिए 40 सीसीटीवी कैमरे, प्रत्येक सड़क साफ-सुथरी रहती है और इंटरलाकिंग की सुविधाएं हैं।

    upd-4

    पंचायत भवन, ओपन जिम, ग्रामीण बाजार, माध्यमिक व प्राथमिक स्कूल की सभी कक्षाएं, बरातघर, पानी की टंकी, कूड़ा संग्रहण केंद्र (आरआरसी), आंबेडकर पार्क, पोषण वाटिका बिजली के साथ सौर ऊर्जा से रोशन हैं।

    पंचायत भवन में हाईस्पीड इंटरनेट, रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, मेला मंच भी इससे ही संचालित है। पूरी ग्राम पंचायत डिजिटल है। आइटी सेंटर, इंटरनेट, सीसीटीवी कैमरा, डिजिटल क्लासरूम भी हैं।

    मिल चुके हैं ये पुरस्कार

    • 2022 में स्वच्छ भारत अभियान के तहत राष्ट्रपति के हाथों निर्मल ग्राम पंचायत पुरस्कार।
    • 2024 और 2025 में लगातार दो बार मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार मिल चुका।

    दुवा ग्राम पंचायत विकास कार्यों में अच्छा काम कर रही है। इससे अन्य ग्राम पंचायतों को भी प्रेरणा मिलती है। सौर ऊर्जा से लेकर प्रत्येक कार्य में ग्राम पंचायत अव्वल है। इसलिए कई पुरस्कार मिल चुके हैं। -आलोक सिन्हा, जिला पंचायतराज अधिकारी उन्नाव।

    गाम पंचायत दुवा को फाइव स्टार रेटिंग दी है। अब यह सौर ऊर्जा से संचालित गांव है व विकास कार्यों में सबसे आगे है। इसे मॉडल के रूप में जिले की पंचायतों के सामने रखकर प्रेरणा लेने को कहा गया है। जल्द ही गांव की दूसरी ग्राम पंचायतों को भी ऐसे ही ग्रीन एनर्जी के साथ विकास कार्यों से आदर्श बनाया जाएगा। -गौरांग राठी, जिलाधिकारी, उन्नाव।

    यह भी पढ़ें- अलीगढ़ में बनेगा देश का पहला लॉक म्यूजियम, 10 हजार करोड़ रुपये सालाना के पार जाएगा ताला उद्योग

    यह भी पढ़ें- यूपी के स्कूलों में आज से 'उत्सव' का आगाज़! टीका लगाकर होगा बच्चों का स्वागत, मिड-डे मील में मिलेगी खास खीर