Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    उन्नाव के 1.2 लाख उपभोक्ताओं को बड़ी राहत: स्मार्ट मीटर का झंझट खत्म, 5 दिन में बहाल होगी पुरानी व्यवस्था

    Updated: Tue, 05 May 2026 07:08 PM (GMT+05:30)

    उन्नाव में 1.2 लाख स्मार्ट मीटर अब पोस्टपेड की तरह काम करेंगे, जिससे उपभोक्ताओं को बिजली कटौती और रिचार्ज संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी। निदेशालय ने ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. 1.2 लाख स्मार्ट मीटर अब पोस्टपेड की तरह काम करेंगे।

    2. निदेशालय से शुरू हो गई प्रक्रिया, पहले जैसी ही होगी व्यवस्था

    3. बार- बार स्वत: बिजली आपूर्ति बंद होने से परेशान थे उपभोक्ता

    जागरण संवाददाता, उन्नाव। स्मार्ट मीटर व्यवस्था खत्म होने पर जिले में लगाए गए स्मार्ट मीटर पांच दिन में पोस्टपेड की तरह ही काम करेंगे। इसके लिए निदेशालय से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लगातार स्वत: बिजली बंद होने और रिचार्ज के बाद भी घंटों बिजली आपूर्ति शुरू न होने से उपभोक्ता परेशान थे। लेकिन अब उपभोक्ताओं को राहत मिल जाएगी।

    जनपद में कुल 1.2 लाख स्मार्ट मीटर लगे हुए है। वहीं शहर में यह संख्या 29 हजार है। इन सभी स्मार्ट मीटरों को मार्च माह में बिजली निदेशालय से लाइव भी कर दिया गया था। बिल माइनस होते ही इन उपभोक्ताओं की स्वत: बिजली आपूर्ति बंद हो जाती है। इसके अलावा कई बार रिचार्ज के बाद भी आपूर्ति शुरू नहीं हो रही थी। इसको लेकर बिजली उपभोक्ता लगातार शिकायत कर रहे थे। वहीं ग्रामीण उपभोक्ताओं को मोबाइल एप और आनलाइन भुगतान प्रणाली समझने में दिक्कतें आ रही थीं।

    इसके अलावा प्रदर्शन भी किया था। लेकिन ऊर्जा मंत्री के निर्देश के बाद व्यवस्था में अब बदलाव कर दिया गया है। स्मार्ट मीटर की व्यवस्था बंद कर दी गई है। अब स्मार्ट मीटर पोस्टपेड मीटर की तरह की काम करेंगे। एक से 30 तारीख का बिल उनके मोबाइल नंबर या वाट्सएप पर भेज दिया जाएगा। उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर बिल का भुगतान करना होगा।

    बिजली विभाग के अधिकारियों ने सभी उपभोक्ताओं से अपने कनेक्शन में मोबाइल नंबर दर्ज कराने की अपील की है। ताकि सभी उपभोक्ताओं के मोबाइल पर उनका मासिक बिल भेजा सके।

     

    रिचार्ज कराने के बाद भी बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो रही थी। कई बार शिकायत की गई। लेकिन सुनवाई नहीं हुई। लेकिन अब राहत मिलेगी।
    - राधे श्याम

     

    जितनी खपत होती थी, उससे अधिक बिल आ रहा था। रिचार्ज कराने के बाद बहुत जल्द बैलेंस खत्म हो जाता है।
    - कुलदीप राजपूत

     

    स्मार्ट मीटर लगने के बाद समस्या आ रही थी। बिना जानकारी के लिए बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती थी।
    - अनिल सैनी


    स्मार्ट मीटर लगने के बाद गलत बिल आ रहा था, कई बार शिकायत की गई, लेकिन निस्तारण नहीं हो पाया।
    - पुनीत वर्मा

     


    जिले में लगाए गए सभी स्मार्ट मीटर निदेशालय से पोस्टपेड में बदल दिए जाएंगे। इस प्रक्रिया में लगभग पांच दिन का समय लगा जाएगा। इसके बाद पुरानी व्यवस्था की तरह ही उपभोक्ता बिल जमा कर सकते हैं।
    हिमांशू गौतम, एक्सईएन

    खबरें और भी