शुक्लागंज गंगाघाट रेलवे ट्रैक पर युवती का क्षत-विक्षत शव मिला, दुष्कर्म व हत्या की आशंका
कानपुर-लखनऊ रेल मार्ग पर गंगाघाट रेलवे स्टेशन के पास 24 वर्षीय युवती का क्षत-विक्षत शव मिला, जिसके एक हाथ और ...और पढ़ें

HighLights
गंगाघाट रेलवे स्टेशन के पास युवती का क्षत-विक्षत शव मिला
शरीर पर कपड़े न होने से दुष्कर्म व हत्या की आशंका
जीआरपी सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, पहचान का प्रयास जारी
संवाद सहयोगी, शुक्लागंज(उन्नाव)। कानपुर-लखनऊ रेल रूट पर गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर ट्रैक के किनारे मंगलवार सुबह 7:10 बजे 24 वर्षीय युवती का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। एक हाथ व एक पैर भी कटा मिला। कटा पैर तो ट्रैक के पास से बरामद कर लिया गया, पर हाथ नहीं मिला। स्टेशन पर मौजूद लोगों में शरीर में कपड़े न होने से दुष्कर्म व हत्या के बाद शव फेंके जाने की चर्चा है।
वहीं जीआरपी चौकी प्रभारी ने ट्रेन की चपेट में आने से युवती के शरीर के कपड़े फटने का दावा किया है। जीआरपी कैमरों की फुटेज से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती ट्रेन से गिरी, ट्रेन के सामने कूदी या उसे फेंका गया। आसपास के लोगों को बुलाकर पहचान कराने की कोशिश की। पहचान न होने पर शव को मोर्च्युरी में रखवाया गया है।
युवती का शव गंगाघाट रेलवे स्टेशन से 20 कदम आगे अप ट्रैक के पोल संख्या 67/13 व 67/15 के बीच मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने पड़ा देखा। स्टेशन परिसर के पास शव पड़ा होने की जानकारी जीआरपी को तब लगी जब यात्रियों ने इसकी उन्हें सूचना दी। घटना यह बताने के लिए काफी है कि जीआरपी अपनी ड्यूटी कितनी ईमानदारी से करती है। यदि जीआरपी गश्त करती होती तो शव रात में ही बरामद कर लिया जाता। युवती का बांया हाथ और दाहिना पैर शरीर से अलग था।
ग्रामीणों के अनुसार शरीर पर किसी तरह का कोई कपड़ा नहीं था। जीआरपी के गंगाघाट रेलवे स्टेशन में तैनात एसआई लोकेंद्र सिंह ने युवती के किसी चलती ट्रेन से गिरने की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि युवती के शरीर पर काला व लाल छींटदार कुर्ता था। ट्रेन की चपेट में आने से कपड़े फट गए थे। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
युवती के पास से कुछ भी न मिलने से पहचान नहीं हो पाई है। शव की पहचान के लिए उसकी फोटो मुख्यालय लखनऊ के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों में भेजी गई है। इंटरनेट मीडिया पर भी युवती के शव की फोटो प्रचलित कर पहचान की कोशिश की जा रही है। जीआरपी एसओ सुनील मिश्र ने बताया कि ट्रेन से गिरकर युवती की मौत की आशंका है। सभी पहलुओं पर जांच के साथ शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
स्टेशन मास्टर को सबसे पहले मिली जानकारी
गंगाघाट के स्टेशन मास्टर एमके बघेल ने बताया कि उन्हें स्टेशन पर आने वाले यात्रियों ने अप ट्रैक के किनारे युवती का शव पड़ा होने की सूचना मंगलवार सुबह 7:10 बजे दी। इसपर उन्होंने जीआरपी व आरपीएफ को मेमो दिया। जीआरपी व आरपीएफ ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
200 मीटर दूर लगा सीसी कैमरा
जिस स्थान पर युवती का शव पड़ा मिला, उससे लगभग 200 मीटर दूर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर अप ट्रैक के पोल संख्या 67/19 व 67/21 के बीच नाइट विजन सीसी कैमरा लगा मिला। जीआरपी के एसआई ने बताया कि स्टेशन पर लगे सीसी कैमरे की फुटेज देखी जा रहे है।
कुत्तों के द्वारा युवती का हाथ ले जाने की आशंका
अप ट्रैक के किनारे मिले युवती के शव से हाथ गायब है। जीआरपी के अनुसार शव के पास कुत्ते घूम रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि कहीं कुत्ते तो कटा हाथ लेकर झाड़ियों में नहीं चले गए। इसके अलावा रेलवे ट्रैक के दाहिनी ओर राजीवनगर खंती है। वहीं बायीं ओर रेलवे की खंती है। दोनों तरफ रास्ते भी हैं। लेकिन दोनों तरफ खंती में बाढ़ का पानी भरा हुआ है। इससे किसी के आने- जाने का रास्ता कठिन है।
