उन्नाव के युवक की NDA ट्रेनिंग के दौरान पुणे में हुई मौत, देश सेवा का सपना रह गया अधूरा
उन्नाव के नेहरू नगर निवासी अभिनव बाजपेई का पुणे में एनडीए प्रशिक्षण के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। इकलौते बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम छ ...और पढ़ें

अभिनव बाजपेई की फाइल फोटो व रोते बिलखते परिजन। जागरण
HighLights
उन्नाव के अभिनव बाजपेई का एनडीए में चयन हुआ था।
पुणे में प्रशिक्षण के दौरान हार्ट अटैक से हुई मौत।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़।
संवाद सहयोगी, जागरण, शुक्लागंज, (उन्नाव)। शुक्लागंज के नेहरू नगर के रहने वाले 18 वर्षीय अभिनव बाजपेई पुत्र प्रदीप बाजपेई का एनडीए (नेशनल डिफेंस एकेडमी) में चयन हुआ था। वह पुणे खड़कवासला महाराष्ट्र में ट्रेनिंग के लिए बीती 22 जून को घर से गया था। 24 जून को उसकी ज्वाइनिंग हुई थी। जहां वह ट्रेनिंग कर रहा था।
बीते शुक्रवार को सुबह लगभग आठ बजे पीटी के दौरान उसे हार्ट अटैक पड़ गया। जिससे उसकी पुणे में मौत हो गई। उसके मौत की खबर जैसे ही उसके घर नेहरूनगर पहुंची तो परिवार में चीत्कार मच गई। माता पिता व अन्य परिवारी जन पुणे महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गए। घर पर दादी शशिप्रभा का रो-रोकर बुरा हाल रहा। उनके घर मुहल्ले के लोगों व नाते रिश्तेदारों की भीड़ लग गई। हर कोई वृद्ध दादी को ढांढस बंधाता रहा।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा पहाड़
दिवंगत अभिनव परिवार में अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन अंशिका जीएसवीएम से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। अभिनव के मामा विकास ने बताया कि वह होनहार था। उसका एनडीए में सेलेक्शन हुआ था। वह केंद्रीय विद्यालय कैंट में पढ़ता था। इसी साल रिजल्ट आया था। पहले प्रयास में ही उसका एनडीए में चयन हो गया था। महाराष्ट्र के पुणे स्थित खड़कवासला में ट्रेनिंग कर रहा था।
बीते शुक्रवार को सुबह पीटी करने के दौरान उसकी हार्ट अटैक से मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उसके पिता कानपुर के केपीएम अस्पताल में कर्मचारी हैं। मां सीमा बाजपेई गृहणी हैं। रिश्तेदार विष्णु दत्त मिश्रा ने बताया कि दिवंगत के पिता प्रदीप चार भाई हैं। जिसमें अजीत, बद्री विशाल व दीपक हैं।पिता के सभी भाइयों के बीच परिवार में वह इकलौता बेटा था।जो सभी का दुलारा था। उन्होंने बताया कि 12 जुलाई को सुबह उसका शव घर पहुंचेगा।
दादी बोली : हम जानते तो एनडीए की ट्रेनिंग पर न जाने देते
दिवंगत अभिनव की दादी का हाल बेहाल रहा। वह सभी से रोते हुए कह रही थी कि हम यह जानते कि बउआ की जान चली जाएगी, वह जिंदा वापस नहीं लौटेगा तो उसे कभी एनडीए की ट्रेनिंग में न जाने देती। वृद्ध दादी का करुण क्रंदन देख वहां मौजूद लोगों की आंखें डबडबा गईं।