विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उन्नाव में PWD की लापरवाही ने किसान की ले ली जान, निर्माणाधीन खुले नाले में गिरने से पेट में घुसा सरिया, लिवर फटने से मौत

Published: Sun, 23 Aug 2026 05:50 PM (IST)

लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से उन्नाव के चकलवंशी में एक किसान की जान चली गई। खेत से लौटते समय ...और पढ़ें

दिवंगत रूप सिंह की फाइल फोटो व इसी नाला में बिछे सरिया के जाल पर गिरकर हुई रूप सिंह की मौत। जागरण

दिवंगत रूप सिंह की फाइल फोटो व इसी नाला में बिछे सरिया के जाल पर गिरकर हुई रूप सिंह की मौत। जागरण           

                   

HighLights

  1. उन्नाव-हरदोई मार्ग के किनारे चल रहा नाला निर्माण का कार्य

  2. खोदाई के बाद नाला में बिछाया गया था सरिया का जाल

  3. खुला नाला होने से रात में खेत से घर लौटते समय किसान गिरा

संवाद सूत्र, चकलवंशी(उन्नाव)। उन्नाव-हरदोई मार्ग को चौड़ा करने के दौरान खोदा गया नाला किसान की जान पर भारी पड़ गया। पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से माखी क्षेत्र के अकबरपुर दबौली गांव निवासी 55 वर्षीय रूप सिंह की जान चली गई। शनिवार रात खेत से लौटते समय घर के सामने खुले नाले में गिर गए। नाले में बिछे सरिया के जाल में एक सरिया उनके पेट में घुस गया। इससे उनका लिवर फट गया।

गंभीर हालत में कानपुर में एलएलआर अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लिवर फटने से मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, ग्रामीणों ने हादसे में मेरठ की निर्माण एजेंसी जीत कंस्ट्रक्शन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। निर्माण स्थल पर न तो बैरिकेडिंग की गई और न ही रात में रोशनी की कोई व्यवस्था की गई थी।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से मार्ग के किनारे नाला निर्माण कराया जा रहा है। शनिवार सुबह नाला खोदने के बाद उसमें सरिया का जाल बिछाया गया था। शाम को मजदूर नाला खुला छोड़कर चले गए। रात करीब 11 बजे रूप सिंह खेत से पैदल घर लौट रहे थे। अंधेरा होने के कारण वह घर के सामने खोदा गया नाला नहीं देख सके और उसमें गिर गए। सरिया पेट में घुसने से वह गंभीर घायल हो गए।

रूप सिंह ने शोर मचाया, लेकिन रात होने के कारण किसी ने उनकी आवाज नहीं सुनी। उन्होंने किसी तरह पेट से सरिया बाहर निकाली और नाले से निकलकर घर के बाहर पेड़ के नीचे बैठकर शोर मचाने लगे। स्वजन ने उन्हें खून से लथपथ देखा और जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर में एलएलआर अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में उनकी मौत हो गई।
स्वजन शव लेकर घर चले गए।

सुबह घटना की जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। माखी एसओ योगेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसओ ने बताया कि घर के सामने नाले पर दो पटरे रखे मिले हैं। रूप सिंह नाले में कैसे गिरे, इसकी जांच की जा रही है। स्वजन ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

पत्नी-बच्चे शव देख हुए बेहाल

रूप सिंह परिवार के इकलौते थे। खेती के साथ ई-रिक्शा चलाकर परिवार का गुजारा चलाते थे। पोस्टमार्टम के बाद उनका शव जैसे ही घर पहुंचा, चीत्कार मच गई। बेटा अमन, बेटी गोल्डी, पत्नी मीरा, मां कलावती शव देख बेहाल हो गईं। गमगीन माहौल में शव का परियर घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।

उन्नाव-हरदोई मार्ग को चौड़ा करने के साथ नाला निर्माण का कार्य दिसंबर 2025 में शुरू हुआ था। मार्च 2027 तक कार्य पूरा होना है। लगभग 15 किमी के एरिया में नाला निर्माण हो रहा है। मेरठ की जीत कंस्ट्रक्शन एजेंसी कार्य करा रही है। रात में रोशनी की व्यवस्था नहीं थी। बैरिकेडिंग की गई थी, पर ग्रामीणों ने आवागमन की व्यवस्था को देखते हुए उसे हटा दिया। सोमवार को मौके पर जाकर जांच करूंगा। लापरवाही पाए जाने पर निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई की जाएगी।
- हरदयाल अहरिवार, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी

 

मौके पर मिट्टी के ढेर से नाला निर्माण स्थल को सुरिक्षत रखा गया है। रात में रोशनी रहती है। ग्रामीणों को समझाया भी गया है कि वह निर्माण के नजदीक न जाएं। शायद वह व्यक्ति नशे में होंगे, इसलिए गिर गए हैं।
- नरेंद्र यादव, ठेकेदार, जीत कांट्रंक्शन एजेंसी

 

यह भी पढ़ें- फतेहपुर चौरासी के वो बलिदानी... अमीनाबाद पार्क में तिरंगा फहराकर 32 साल की उम्र में बलिदान हुए थे गुलाब सिंह लोधी

यह भी पढ़ें- उन्नाव में रिश्तों का कत्ल, छोटे भाई के सीने में हसिया से वारकर मार डाला