'CBI ने देरी की तो सजा मुझे क्यों मिल रही? अब सुप्रीम कोर्ट जाऊंगी', सेंगर मामले में बोली उन्नाव रेप पीड़िता
माखी दुष्कर्म पीड़िता ने दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा कुलदीप सिंह सेंगर की सजा बढ़ाने की अपील खारिज होने पर सीबीआई को जिम्मेदार ठहराया है। ...और पढ़ें

उन्नाव रेप पीड़िता ने कहा- अब सुप्रीम कोर्ट जाऊंगी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, उन्नाव। माखी दुष्कर्म कांड की पीड़िता ने उच्च न्यायालय दिल्ली द्वारा आरोपित पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की सजा बढ़ाने की अपील को खारिज करने पर अपना पक्ष रखा है।
मंगलवार को उसने एक वीडियो जारी कर पूरा ठीकरा सीबीआई पर फोड़ा है। कहा कि देर उसने नहीं बल्कि सीबीआई ने की। क्योंकि यह केस सीबीआई बनाम कुलदीप सेंगर का चल रहा था।
यदि सीबीआई चाहती तो सजा बढ़ाने की अपील समय से कर देती। गलती सीबीआई ने की तो सजा उसे क्यों दी जा रही है।
वीडियो जारी कर दुष्कर्म पीड़िता ने कहा कि पुलिस कस्टडी में उसके पिता की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या करने के मामले में सजा बढ़ाने की उसकी अपील को इसलिए रद्द कर दिया गया, क्याेंकि इस अपील को दायर करने में उसे कुछ दिनों की देरी हुई।
कहा कि जुलाई 2019 को मेरा एक्सीडेंट कराया गया था। मेरे वकील, मौसी और चाची की मौत हो गई थी। वेटिंलेटर पर वह जिंदगी और मौत से जूझ रही थी। चाचा को जेल भेजवा दिया गया था। पैरवी करने वाला कोई नहीं रह गया था।
यह भी पढ़ें- उन्नाव दुष्कर्म केस में कुलदीप सिंह सेंगर को राहत, सजा बढ़ाने की मांग वाली पीड़िता की याचिका दिल्ली HC से खारिज
मानसिक और शारीरिक रूप से टूट चुकी थी- पीड़िता
वेंटिलेटर से निकलने व ठीक होने में वक्त लग गया। मानसिक शारीरिक रूप से टूट चुकी थी। इसी बीच शादी व दो बच्चे हो गए। इन हालातों में केस की तारीख पर पहुंचना भी मेरे लिए आसान नहीं था। यह सवाल सीबीआई से होना चाहिए कि उसने समय रहते अपील क्यों नहीं की?
पीड़िता ने दो टूक शब्दों में कहा कि कहीं सेंगर को कानूनी लाभ देने की योजना तो नहीं थी। मुझे लगता है कि सेंगर से कोई तो डील हुई है। उसने सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर करने की बात कही है।